रिटायर्ड बैंक कर्मी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
अलीगढ़। थाना बन्नादेवी क्षेत्र में बरौला के पास रिटायर्ड बैंककर्मी कोा अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार बन्नादेवी क्षेत्र के कपिल विहार निवासी 65 वर्षीय किशोर शर्मा रिटायर्ड बैंककर्मी थे। गुरुवार सुबह वह घर से बेटी के यहां नोएडा जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वह बरौला के पास पहुंचे तभी किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसमें वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। हादसे के बाद रहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजन उन्हें उपचार को एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक तीन बच्चों के पिता थे।
डेढ़ वर्षीय बच्ची को टेंपो ने मारी टक्कर, मौत
अलीगढ़। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के हमदर्द नगर में घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही डेढ़ वर्षीय बच्ची को लोडर टेंपो ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल बच्ची की गुरुवार सुबह जेएन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। परिजनों ने डाॅक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार हमदर्द नगर निवासी गुलबहार मेहनत मजदूरी करते हैं। बुधवार देर शाम को उनकी इकलौती डेड़ वर्षीय बेटी मन्नत अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। तभी लोडर टेंपो ने बच्ची में टक्कर मार दी। परिजनों ने आनन-फानन में बच्ची को उपचार को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक टेंपो छोड़कर मौके से फरार हो गया। उधर गुरुवार को मन्नत ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजन डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया तथा शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इकलौती बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।