कबड्डी टूर्नामेंट में महिला टीमों ने दिखाया दम
इगलास। नगला भूपाल माजरा सिकंदरपुर में चतुर्थ विशाल क्लब कबड्डी टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट का शुभारंभ विधायक राजकुमार सहयोगी ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने का काम करते हैं। खेल हमारे जीवन में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं।

महिला कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इसमें श्रीराम बनारस की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुमन उड़ान एकेडमी हाथरस द्वितीय और अन्नू फौजी एकेडमी इगलास तृतीय स्थान पर रही। क्रमशः 31 सौ, 21 सौ और 11 सौ रुपये की धनराशि के साथ शील्ड और मेडल देकर खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। रात्रि को पुरुष कबड्डी मुकाबलों की शुरुआत हुई। डे-नाइट चलने वाला यह टूर्नामेंट फाइनल मुकाबले तक रोमांचक अंदाज में जारी रहेगा। इस अवसर पर आयोजक महाराज सिंह, गुड्डा, इंद्रेश, मुरारी, अंकित चौधरी, गोपाल शर्मा, सचिन शर्मा, जगवीर सिंह, प्रमोद उर्फ पप्पू, हाकिम सिंह, धनश्याम सिंह, आरके तूफानी आदि थे।