युवक ने खुद के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर लगाई आग, पत्नी ने 3 लोगों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
- सोशल मीडिया पर युवक द्वारा आग लगाने का हुआ वीडियो वायरल,
इगलास। थाना क्षेत्र के गांव बलकरन नगरिया में जमीन के विवाद को लेकर एक युवक ने खुद के ऊपर ज्वलशीन पदार्थ डालकर आग लगा ली। आग में युवक बुरी तरह से झुलस गया। जिसे उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में युवक की पत्नी की ओर से थाने में एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। युवक द्वारा खुद के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बलकन नगरिया निवासी मीरा देवी पत्नी सुखबीर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शनिवार को वह पति के साथ खेत पर काम कर रही थी। तभी गांव के ही रनवीर सिंह अपने बेटे सचेत व पत्नी सफेदी देवी के साथ खेत पर आ गए। इन लोगों ने मेरे पति के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया। जिसमें पति बुरी तरह झुलस गए हैं।
गंभीर हालत में उपचार के लिए लक्ष्मण देवत्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल मलखान सिंह के लिए रेफर कर दिया। महिला का कहना है कि पति ने कर्ज चुकाने लिए दो बीघा जमीन बेची थी, जिसकी रुपया नहीं दिया गया। जबकि दूसरा पक्ष जबरन खेत पर कब्जा करना चाहता है। जिसका मामला कोर्ट में वाद विचाराधीन है।
इस संबंध में सीओ डा. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि जानकारी में आया है कि सुखवीर सिंह ने खुद ही अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई है। पीड़ित की पत्नी की तहरीर के आधार पर रनवीर, सचेत व सफेदी देवी के मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों ने पूछताछ करने के साथ ही अन्य पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है।