अटल आवासीय विद्यालय का डीएम व सीडीओ ने किया निरीक्षण, परखी गुणवत्ता
गभाना। क्षेत्र के गांव टमकौली में अलीगढ़ मंडल का बनाए जा रहे अटल आवासीय विद्यालय का शनिवार को डीएम इंद्र विक्रम सिंह व सीडीओ आकांक्षा राना ने औचक निरीक्षण किया। कमियां मिलने पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को समय से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’’ के अन्तर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे, अनाथ बच्चे, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, भूमिहीन परिवार के 6 साल से 14 साल तक के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करने लिए प्रदेश सरकार की ओर से टमकौली गांव में लगभग 13.58 एकड़ क्षेत्रफल (25355 वर्गमीटर) में एक हजार छात्र-छात्राओं की क्षमता का अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य किया जा रहा है। विद्यालय में मुख्य भवन के साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास, कैंटीन व स्टाफ के लिए आवासीय भवन भी बनाए जा रहे हैं।

शनिवार को डीएम व सीडीओ ने निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान भवन में की जा रही फिनिशिंग, प्रधानाचार्य आवास, कक्षाओं व शौचालयों में विभिन्न खामियां मिलने पर नाराजगी जताते हुए सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन संस्था को जल्द से जल्द कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जुलाई में सत्र संचालन किया जाएगा। जिसके लिए छात्रों आवेदन पत्र मांग लिए गए हैं। जिसकी परीक्षा 11 जून को कराई जाएगी। परीक्षा में चयनित छात्रों को आवासीय सुविधा मुहैया कराते हुए नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में पौधरोपण भी किया।
डीएम, सीडीओ व एसएसपी ने लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र
गभाना। तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान कार्यक्रम के दौरान डीएम इंद्र विक्रम सिंह, सीडीओ आकांक्षा राना व एसएसपी कलानिधि नैथानी ने श्रम विभाग की ओर से संचालित कामगार पुत्री विवाह योजना के तहत ने 13 लाभार्थियों को 55-55 हजार रुपये के प्रमाण पत्र तथा दो लाभार्थियों मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के तहत प्रत्येक को ढाई-ढाई लाख रुपये की आर्थिक मदद के प्रमाण वितरित किए। इस दौरान डीएम ने कहा कि शासनस्तर से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए करीब दस प्रकार की लाभार्थीपरक योजनाएं संचालित हो रही है। कामगार श्रमिक श्रम विभाग में अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। सीडीओ आकांक्षा राना ने कहा श्रमिकों का कार्य बेहद जोखिम भरा होता है। ऐसे में पंजीकरण श्रमिकों के साथ कोई अप्रिय घटना दुर्घटना हो जाने पर आश्रितों को निर्धारित सहायता आसानी से उपलब्ध कराई जाती है। इस दौरान डीएफओ दिवाकर वशिष्ठ, सीएमओ डा. नीरज त्यागी, एसडीएम केबी सिंह, तहसीलदार उदयवीर सिंह, सीओ सुमन कनौजिया, नायब तहसीलदार अजेंद्र तौमर, संदीप चौधरी आदि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।