एटा में तैनात दारोगा की भतीजे ने गला दबाकर की थी हत्या
खुद को पकड़े जाने के डर से रचा था षडयंत्र
अलीगढ़। थाना क्वार्सी क्षेत्र के देवसैनी में एटा में तैनात दारोगा की गुरुवार रात्रि में घर में गला दबाकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया। दारोगा का सगा भतीजा ही उसका हत्यारा निकला। जिस पर शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बुलंदशहर के थाना डिबाई के गालिबनगर निवासी 52 वर्षीय रामजीलाल एटा के जसरथपुर थाना में दारोगा के पद पर तैनात थे और वह वर्तमान में क्वार्सी थाना क्षेत्र के देवसैनी में पत्नी अंगूरी देवी उर्फ आशा के साथ रहते थे। बेटे रंजीत आरएएफ रोड पर अलग मकान में रहते हैं, जबकि दूसरा बेटा संदीप कभी भाई के पास तो कभी अपने रिश्तेदार के यहां रहकर सरकारी नौकरी की तैयारी करता है। रामजीलाल मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे। बीती 16 मई को उन्होंने अपनी पत्नी अंगूरी देवी के साथ मारपीट कर डाली थी। जिस पर उनका बेटा रंजीत मां को अपने साथ घर ले गया था। घर पर रामजीलाल के अलावा 10-12 दिन पूर्व आया भतीजा राहुल पुत्र बनी सिंह ही रह गए थे। शुक्रवार को राहुल ने रंजीत को सूचना दी कि ताऊ घर में बेहोश पड़े हैं, जबकि दरवाजा अंदर से बंद है। जिस पर रंजीत ने सूचना थाना पुलिस को दे दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उनको बाहर निकाला तथा उपचार को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने शुक्रवार को दारोगा के शव का पोस्टमार्टम कराया जिसमें गला दबाकर हत्या कर देने की पुष्टी हुई। जानकारी पर डीआईजी सुरेशराव ए कुलकर्णी व एसएसपी कलानिधि ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर जांच करने के साथ ही फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलित कराए। मामले में मृतक दारोगा की पत्नी अंगूरी देवी ने भतीजे पर शक जाहिर करते हुए तहरीर थी थी। शक के आधार पर शनिवार को पुलिस ने आरोपी राहुल को हिरासत में लेकर कढ़ाई से पूछताछ की। जिसमें उसने बताया कि गुरुवार रात्रि में ताऊ मानसिक बीमारी के चलते हिंसक हो गए थे और उसके साथ मारपीट करने लगे। जिस पर उसने उनका गला दबा दिया। जब वह बेहोश हो गए तो वह डर गया। उसने खुद को पकड़े जाने के डर से एक हिस्से में हाथ घुसाकर घर के दरवाजे को अंदर से बंद कर दिया और वह दूसरे के घर चला गया। शुक्रवार को वह फिर से ताऊ के घर पर पहुंचा और उसने पूरा षडयंत्र ऐसा रचा कि किसी को उसके ऊपर हत्या का शक न हो। उसने ताऊ के बेटे रंजीत को जानकारी दी कि ताऊ घर में बेहोश पड़े हुए हैं आैर दरवाजा अंदर से बंद है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने शनिवार को आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।