महरावल के पास ट्रेन की चपेट में आकर युवक की हुई मौत, शिनाख्त नहीं
गभाना। दिल्ली-कानपुर रेलवे लाइन पर महरावल रेलवे स्टेशन के पास राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। जिस पर जीआरपी ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया है।
जीआरपी के एएसआई सुधीर कुमार ने बताया कि महरावल रेलवे स्टेशन के पास सोमवार रात्रि में राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर एक युवक की मौत की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। एसआई विपिन कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। युवक ने हरे रंग का लोवर, सफेद रंग की टी-शर्ट जिस पर ग्रे रंग की धारी बनी हुई है पहन रखी है, जबकि उसके सीधे हाथ पर टेटू बना हुआ है। उन्होंने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।