एएमयू में दो छात्र गुटों में हुई कई राउंड फायरिंग, एक डाॅक्टर समेत तीन घायल
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में सोमवार देर रात दो छात्र गुट आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से कई राउंड हुई फायरिंग में एक डॉक्टर समेत तीन छात्र गोली लगने से घायल हो गए। जिन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
सोमवार रात्रि में करीब साढ़े दस बजे एएमयू के बीएम हॉल में कुछ छात्र एक जन्मदिन पार्टी में बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी वहां पर 8-10 नकाबपोश हमलावर बाइकों पर सवार होकर आ गए। उन्होंने कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और भाग गए। कुछ देर बाद नॉर्थ हॉल से फोन के जरिए हमलावर छात्रों ने समझौते के लिए छात्रों को बुलाया।
आरोप है कि जैसे ही एसएस नार्थ हॉल में दूसरे गुट के छात्र पहुंचे, तभी फिर से फायरिंग शुरू हो गई। कई राउंड हुई फायरिंग में मुरादाबाद के डॉक्टर सादिक जो निजी कॉलेज से बीएमएस की पढ़ाई कर रहे हैं किसी काम के सिलसिले में बीएम हॉल पहुंचे थे।फायरिंग में सादिक के अलावा फिरोज आलम निवासी नगला पटवारी, थाना क्वार्सी, एवं पुरानी चुंगी निवासी अब्दुल्ला छर्रे लग जाने से घायल हुए हैं।
साथी छात्रों ने घायलों को उपचार को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। फायरिंग एवं हंगामा की खबर पर एएमयू की प्रोक्टोरियल टीम भी मौके पर पहुंच गई। उधर फायरिंग में छात्रों के घायल होने की जानकारी पर अन्य छात्र मेडिकल कॉलेज पहुंच गए और जमकर हंगामा करने लगे। प्रॉक्टोरियल टीम ने छात्रों को समझा बुझाकर शांत किया।
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि फायरिंग की घटना में तीन छात्र घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। फायरिंग क्यों हुई इस मामले में जांच की जा रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जा रही हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।