पोथी से 15 वर्षीय किशोरी लापता, गुमशुदगी दर्ज
गभाना। क्षेत्र के गांव पोथी से एक किशोरी अपने छोटे भाई- बहन को घर पर छोड़कर लापता हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
पोथी निवासी एक युवक ने थाना में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए कहा उसकी 15 वर्षीय भतीजी अपनी छोटी बहन व भाई के साथ करीब एक माह से कटरा में अपनी ननिहाल में रह रही थी। 2 सितंबर को वह अपने छोटे भाई व बहन को गांव में छोड़कर कहीं चली गई। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने हर संभावित स्थानों पर तलाश कर लिया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका है। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि किशोरी के चाचा की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस किशोरी की तलाश में जुटी है।
चाय की दुकान चलाने वाले युवक को मारपीट कर किया घायल, रिपोर्ट दर्ज
गभाना। थाना क्षेत्र में महरावल पुल के पास चाय की दुकान चलाने वाले युवक के साथ नामजद पिता-पुत्र ने मारपीट कर घायल कर दिया।
थाना में महरावल निवासी मुकेश कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह महरावल पुल के पास चाय की दुकान चलाता है। रविवार सुबह वह दुकान पर बैठाकर चाय बना रहा था। तभी गांव के मवासीराम व उसका बेटा कृष्णा वहां आ गए और बिना किसी बात के गाली गलौज करने लगे। उसने विरोध किया तो आरोप है कि मवासीराम ने पेचकस से उस हमला करते हुए घायल दिया। शोर-शराबा सुनकर आस-पास के लोग आ गए। जिन्हें देखकर आरोपी धमकी देते हुए चले गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।