रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

संतसार स्कूल में STF ने NET की परीक्षा में नकल कराते PAC सिपाही समेत तीन को किया गिरफ्तार

 

  • दो CPU, परीक्षा से जुड़े कागजात, कार व अन्य सामान किया बरामद
  • गभाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को भेजा जेल

गभाना। क्षेत्र के भांकरी स्थित संतसार पब्लिक स्कूल में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET)के दौरान STF(स्पेशल टास्क फोर्स) की टीम ने स्क्रीनिंग शेयरिंग के माध्यम से परीक्षा दिला रहे एक पीएसी जवान समेत तीन मुन्ना भाई को दबोच लिए, जबकि मुख्य सरगना मौके से फरार हो गया। पुलिस का दावा है कि पकडे़ गए तीनों आरोपित सॉल्वर गैंग से जुड़े हुए हैं। जो परीक्षा में सेंध लगाते हुए प्रश्नपत्र हल करने के लिए परीक्षा केंद्र पर पहुंचे थे। जांच -पड़ताल में संदिग्ध पाए जाने के बाद उन्हें पकड़ा गया। इनसे आधार कार्ड, प्रवेश परीक्षा कार्ड समेत कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस की टीमें इनसे गहनता से पूछताछ कर रही है। सभी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मुखबिर की  सूचना पर पकड़े गए मुन्नाभाई

एसटीएफ उत्तर प्रदेश को काफी दिनों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपदो में विभिन्न परीक्षाओं में सेंध लगाने वाले गिरोह के सक्रिय होकर घटनाओं को अंजाम दिए जाने की सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। एसटीएफ की विभिन्न इकाईयों एवं टीमों को अभिसूचना संकलन एवं कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ फील्ड इकाई, आगरा राकेश कुमार के पर्यवेक्षण एवं पुलिस उपाधीक्षक उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ फील्ड इकाई, आगरा द्वारा अभिसूचना संकलन की कार्रवाई की जा रही थी।

मुखबिर के माध्यम से ज्ञात हुआ कि संतसार पब्लिक स्कूल, भांकरी मे प्रीती नामक परीक्षार्थी की स्क्रीन शेयरिंग के माध्यम से राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) की परीक्षा में नकल कराई जा रही है। इस पर निरीक्षक हुकुम सिंह, मुख्य आरक्षी रामनरेश, दिनेश गौतम, अरविंद सिंह, बल्देव सिंह ने परीक्षा के पर्यवेक्षक प्रो. रिहान ए खान से परीक्षार्थी प्रीति के बारे में जानकारी प्राप्त की गई तो ज्ञात हुआ कि उक्त परीक्षार्थी स्वंय के नाम से आवटिंत सिस्टम के बजाय अन्य स्थान पर बैठी थी।

प्रीति ने पूछताछ में बताया कि जीतू उर्फ जितेंद्र सिनसिनवार उर्फ ललित सिनसिनवार, पीएसी 15 वीं वाहिनी में तैनात सिपाही कृष्णा कुमार, समय सिह जो इस लैब में ड्यूटी पर उपस्थित है ने इस सिस्टम पर बैठाया है। इस पर टीम ने समय सिंह एवं कृष्ण कुमार डांगर पुत्रगण शेर सिंह निवासी भमरौला, थाना गभाना, आकाश पुत्र अतर सिंह निवासी नगला दानी, थाना मांट, मथुरा को पकड़ लिया।

आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि हम लोग ललित सिनसिनवार के साथ आपस में मिलकर स्क्रीन शेयर कर पेपर हल कराते हैं। ललित पहले ही परीक्षा केंद्र से चला गया है, जो स्क्रीन शेयर करता था। इस कार्य में जो भी पैसा हम लोगों को मिलता है हम आपस में मिलकर हिस्सा कर लेते हैं। कृष्ण कुमार डांगर ने बताया कि वह 15 वीं वाहिनी पीएसी में एच कंपनी में आरक्षी के पद पर कार्यरत है। कई दिन से गैर हाजिर चल रहा था। परीक्षार्थी प्रीती को उसके नवजात बच्चे सहित परीक्षा केंद्र से सिटी कोर्डिनेटर अंजू राठी एवं पर्यवेक्षक प्रो. रिहान ए खान की देखरेख में स्वजन के सुपुर्द कर दिया।सिस्टम हैक करके करा रहे थे नकल

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह परीक्षार्थी के कंप्यूटर की स्क्रीन को हैक करके अपने कंप्यूटर पर ओपन कर लेते थे। सॉफ्टवेयर के जरिए वह खुद ही अपने पास से सारा पेपर सॉल्व कर देते थे और परीक्षार्थी को सिर्फ बैठकर समय पास करना होता था। पेपर के बाद परीक्षार्थी अपने घर चला जाता था। नकल कराने के लिए वह लोग परीक्षा केंद्रों में भी सांठगांठ करते थे और उनका पूरा सिस्टम भी हैक कर लेते थे।

सीपीयू, कार समेत अन्य सामान हुआ बरामद

टीम को आरोपियों के पास से दो सीपीयू, 13 परीक्षा संबधी दस्तावेजों की छायाप्रति, दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक वोटर कार्ड, तीन आईडी कार्ड, 250 रुपये नकद, एक स्कार्पियो कार बरामद हुई है।

चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

एसटीएफ निरीक्षक हुकुम सिंह की ओर से गभाना थाना में चार लोगों के खिलाफ परीक्षा अधिनियम, आईटी एक्ट समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एएसपी एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि परीक्षा में कुछ फर्जी परीक्षार्थी बैठने का इनपुट मिला था। फरार आरोपित जीतू उर्फ जितेंद्र सिनसिनवार उर्फ ललित की तलाश की जा रही है। ललित ही लोगों से रुपये लेता था और फिर उन्हें नकल कराने के लिए सारा सेटअप तैयार कराता था। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

error: Content is protected !!