कोहरा के चलते कई वाहन आपस में भिड़े
अलीगढ़। नेशनल हाईवे पर भीकमपुर के पास घने कोहरे के चलते कई वाहन आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची बन्नादेवी थाना पुलिस ने वाहन सवारों को दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए भिजवा दिया।
बुधवार सुबह से घना कोहरा था। इसी बीच बन्नादेवी थाना क्षेत्र में हाईवे पर भीकमपुर के पास ट्रक, केंटर, कार समेत आधा दर्जन से अधिक टकरा गए। हादसे के बाद वाहनों में सवार लोगों में मदद को चीख-पुकार मचने लगी। हादसे की जानकारी पाकर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल की दौड़ पड़े। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया। वहीं क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराकर यातायात काे सुचारू कराया। इंस्पेक्टर बन्नादेवी डीके त्यागी ने बताया कि कोहरे के चलते कई वाहन आपस में टकरा गए थे, गनीमत रही कि हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ है। पुलिस ने वाहनों में सवार लोगों को दूसरे वाहनों की मदद से गंतव्य के लिए भिजवा दिया है।
डंफर से कैंटर टकराया, चालक समेत दो घायल
अलीगढ़। थाना रोरावर क्षेत्र में हाईवे पर नायरा पेट्रोल पंप के पास कोहरा के चलते ट्रक डंफर से टकरा गया। हादसे में कैंटर चालक समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कैंटर में फंसे घायलों को बाहर निकलवाकर उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार आगरा के यमुना कॉलोनी निवासी धीरज कुमार कैंटर चालक है। बुधवार सुबह वह अपने साथी वमलेश निवासी लखुआ फिरोजाबाद के साथ कैंटर गाड़ी लेकर गभाना की तरफ से एटा की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर नायरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी कट से निकल रहे डंफर से उनकी कैंटर की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में चालक व उसका साथी गाड़ी में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कैंटर को काटकर व शीशे आदि तोड़कर कड़ी मशक्कत के बाद घायलाें को बाहर निकलवाकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया।