गभाना पुलिस ने मुठभेड में चकमा देकर भागे दो लुटेरे किए गिरफ्तार, लूट की कार बरामद
गभाना। थाना पुलिस ने मुठभेड में चकमा देकर भागने वाले दो लुटेरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। लुटेरों के कब्जे से पिछले दिनों लूटी गई स्कार्पियो कार व तमंचा-कारतूस बरामद हुई हैं। विगत 22 जनवरी की सुबह सोमना नहर पुल के पास लुटेरों और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें दोनों तरफ से गोलियां चली थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लुटेरे के पैर में गोली लगी थी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि दो लुटेरे कोहरे का फायदा उठाकर भाग गए थे।
दिल्ली से भाड़े पर लाई कार को लूट गए थे बदमाश
थाना क्षेत्र के कटरा-बरौली मार्ग पर 11 जनवरी को आरोपियों ने दिल्ली के चालक से मारपीट करके उसे घायल कर दिया था। इसके बाद बदमाश उनकी स्कॉर्पियो कार और मोबाइल लूट कर फरार हो गए थे। मामले में चालक प्रमोद कुमार ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि वह दिल्ली के राजीव नगर का रहने वाला है। चार युवकों ने 10 हजार किराए पर उसकी स्कॉर्पियो दिल्ली से लेकर अलीगढ़ आए थे। गांव पनिहावर में कपड़े बदलने का बहाना बनाकर बदमाश उसे कटरा-बरौली मोड़ पर ले आए और बोतल मारकर बदमाशों ने उसे घायल कर दिया था। बदमाश उसकी कार व मोबाइल फोन लूटकर भाग गए।
25 हजार के इनामी लुटेरे को पहले ही भेजा जा चुका है जेल
बीती 22 जनवरी को तड़के पुलिस टीम गश्त कर रही थी। तभी सोमना नहर के पास लूट के इरादे से खड़े लुटेरों ने पुलिस को रोकने की कोशिश की थी। कोहरे के कारण वह पुलिस की गाड़ी को पहचान नहीं पाए और लूटने के लिए रोक लिया था। जब बदमाशों ने पुलिस को देखा तो फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें एक गोली लूट के मुख्य आरोपी विपिन उर्फ शौर्य निवासी जेडा थाना एका जनपद फिरोजाबाद के लगी थी। वहीं कोहरे का फायदा उठाकर दो लुटेरे मौके से फरार हो गए थे। पकड़े गए शौर्य पर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने मुठभेड में घायल लुटेरे विपिन का इलाज कराकर जेल भेल दिया था।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने हाईवे से लुटेरों को किया गिरफ्तार
एसपी सिटी मृगांग शेखर पाठक ने बताया कि मुठभेड़ की घटना के बाद एएसपी अमृत जैन के नेतृत्व में पुलिस फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश में जुट हुई थी। मंगलवार देर रात में पुलिस टीम हाईवे पर महरावल पुल के पास चेकिंग कर रही थी। तभी दो लुटेरे पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। जिस पर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों लुटेरों को दबोच लिया। पुलिस पूछतछा में दोनों ने अपने नाम साजिद पुत्र अनीस निवासी गली नंबर सात नगला पटवारी थाना क्वार्सी व असलम उर्फ अनवर पुत्र असरफ अली निवासी गली नंबर तीन शहंशाहबाद क्वार्सी बताया। लुटेरों के कब्जे से लूटी गई स्कार्पियो कार के अलावा तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए हैं। जिस पर बुधवार को दोनों लुटेरों काे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में– एसआई बिजेंद्र सिंह, कांस्टेबल हरेंद्र कुमार, राहुल कुशवाहा, दीपक कुमार, दीपक कुमार और विपिन कुमार शामिल रहे।
कटरा-बरौली मार्ग पर चालक के साथ मारपीट कर बदमाश स्कार्पियों कार लूट कर हुए फरार