किसानों के साथ हुई अभद्रता के विरोध में भाकियू के पदाधिकारियों ने सीओ को सौंपा ज्ञापन
- इंस्पेक्टर लोधा समेत अन्य दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित कराने की उठाई मांग
गभाना। नुमाईश के उद्घाटन के दौरान गन्ना मंत्री से मिलने को लेकर गन्ना किसानों व भाकियू की महिला कार्यकर्ताओं के साथ हुई अभद्रता को लेकर भाकियू भानू गुट के पदाधिकारियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने सीओ को ज्ञापन देते हुए इंस्पेक्टर लोधा समेत अन्य दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित कराने की मांग उठाई है।
भाकियू भानू गुट के युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर व प्रदेश उपाध्यक्ष भगवानदास चौहान के नेतृत्व में सोमवार को दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्रित होकर तहसील मुख्यालय स्थित सीओ कार्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने सीओ गभाना शुबेंदु सिंह को सौंपे ज्ञापन में कहा कि एक फरवरी को अलीगढ़ में नुमाइश का उद्घाटन करने के लिए जनपद के प्रभारी व गन्ना एवं चीनी मिल मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण आए हुए थे। जिनसे साथा चीनी मिल के संचालन को लेकर वार्ता करने के लिए गन्ना किसान व भाकियू की महिला कार्यकर्ता एकत्रित होकर नुमाइश मैदान में मित्तल गेट के पास शांतिपूर्वक तरीके से बैठे हुए थे, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने गन्ना मंत्री को किसानों से नहीं मिलवाया।
जिस पर कुछ किसान खड़े होकर मित्तल गेट की ओर जाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान इंस्पेक्टर लोधा विपिन यादव व उनके दो अन्य सहयोगी पुलिसकर्मियों ने किसानों व महिलाओं के साथ अभद्रता कर डाली। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने किसानों के कपड़े तक फाड़ दिए, जबकि लाठियां भी बरसा दी। जिसमें कुछ किसान चोटिल भी हो गए थे। इतना सब कुछ होने के बाद भी किसानों ने अपने धैर्य का परिचय दिया था।
मामले में प्रदेश महासचिव डाॅ. शैलेंद्रपाल सिंह ने तीन दिन में किसानों के साथ अभद्रता करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी थी, बावजूद अभी तक दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने इंस्पेक्टर लोधा समेत अन्य दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की। जिस पर सीओ ने मामले में जांच कर विधिक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान एडवोकेट अरुण सिंह, शैलेन्द्र सिंह, डा. बलजीत चौधरी, प्रमोद गौड़, राजकुमार सिंह, राजेश तिवारी, देववृत सिंह चौहान, लव शर्मा, भुवनेश्वर सिंह, सुधीर ठाकुर, गोपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह चौहान, हरीश ठाकुर, वेदप्रकाश शर्मा, केशव, कुलदीप चौहान, अभिलाष चौहान, नीरज ठाकुर आदि मौजूद रहे।