खाद के गड्डों की भूमि को तहसील प्रशासन ने कराया कब्जा मुक्त
गभाना। क्षेत्र के गांव कोटा खास के माजरा खासगढ़ी में सोमवार को तहसील प्रशासन ने अभियान चलाकर खाद के गड्डों की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को हटवाकर कब्जा मुक्त करा दिया।
एसडीएम गभाना हीरालाल सैनी ने बताया कि तहसील क्षेत्र के गांव कोटा खास के माजरा खास गढ़ी में गाटा संख्या 131 में करीब पौन बीघा भूमि सरकारी अभिलेखों में खाद के गड्डों में दर्ज है। जिस पर गांव के ही तीन व्यक्तियों ने पक्की दीवाल लगाकर व छप्पर को डालकर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। मामले में ग्रामीणों ने आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को हल्का लेखपाल गोपी पांडे के नेतृत्व में राजस्व टीम गठित कर मौके पर भेजा। जहां पर टीम ने उक्त भूमि से अवैध निर्माण को हटवाकर कब्जा मुक्त करा दिया। खाली गई भूमि को ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसडीएम ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ तहसील प्रशासन का अभियान लगातार जारी रहेगा।