नेताजी ने कहा था उसे नागिन, देश की पहली जासूस थी नीरा
इगलास। परोपकार सामाजिक सेवा संस्था द्वारा गांव तोछीगढ़ में आजाद हिंद फौज की महिला विंग “रानी लक्ष्मीबाई रेजीमेंट” की सिपाही भारत की पहली जासूस नीरा आर्य की 122 वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। संस्था के अध्यक्ष जतन चौधरी ने कहा कि नीरा आर्य का जन्म 5 मार्च 1902 को बागपत के खेकड़ा में हुआ था इनके माता-पिता की मृत्यु के बाद इनको हरियाणा के दानवीर चौधरी सेठ छज्जूमल लाम्बा (छाजूराम) ने उन्हें गोद ले लिया। नीरा व इनके भाई बसन्त ने सेठ को ही अपना धर्मपिता स्वीकार किया। उनकी पढ़ाई लिखाई कलकत्ता में ही हुई। इन्हें बचपन में वीर भगत सिंह से भी मिलने का मौका मिला जब वे चौधरी साहब के पास अंग्रेजों से बचने के लिए कई दिनों तक रुके थे। बड़े होकर अपने धर्मपिता सेठ छज्जूमल के आदर्शों के कारण देशभक्ति कूट कूटकर भरी हुई थी इसीलिए नेताजी की आजाद हिंद फौज में शामिल हुई और देश की पहली जासूस होने का गौरव प्राप्त किया।
इन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जान बचाने के लिए अंग्रेजी सेना में अफसर अपने पति की हत्या कर दी थी। पति को मारने के कारण ही नेताजी ने उन्हें नागिनी कहा था। आजाद हिन्द फौज के समर्पण के बाद जब दिल्ली के लाल किले में मुकदमा चला तो सभी बंदी सैनिकों को छोड़ दिया गया, लेकिन इन्हें पति की हत्या के आरोप में काले पानी की सजा हुई थी, जहां इन्हें घोर यातनाएं दी गई। आजादी के बाद इन्होंने फूल बेचकर जीवन यापन किया, लेकिन कोई भी सरकारी सहायता या पेंशन स्वीकार नहीं की थी। वृद्धावस्था में बीमारी की हालत में चारमीनार के पास उस्मानिया अस्पताल में इन्होंने रविवार 26 जुलाई, 1998 में एक गरीब, असहाय, निराश्रित, बीमार वृद्धा के रूप में मौत का आलिंगन कर लिया। नीरा आर्य ने अपनी आत्मकथा में लिखा था कि ‘‘मैं जब कोलकाता जेल से अंडमान पहुंची तो रात भर हम भारत माता से जुदा होने के दर्द की से पीड़ा से तड़पते रही और सूर्य निकलते ही जेलर ने कड़क आवाज में कहा, ‘‘तुम्हें छोड़ दिया जाएगा, यदि तुम बता दोगी कि तुम्हारे नेताजी सुभाष कहाँ हैं?’’ ‘‘वे तो हवाई दुर्घटना में चल बसे, ’’ मैंने जवाब दिया, ‘‘सारी दुनिया जानती है| ’’ ‘‘नेताजी जिंदा हैं….झूठ बोलती हो तुम कि वे हवाई दुर्घटना में मर गए?’’ जेलर ने कहा। ‘‘हाँ नेताजी जिंदा हैं।’’ ‘तो कहाँ हैं। ‘मेरे दिल में जिंदा हैं वे।’ जैसे ही मैंने कहा तो जेलर को गुस्सा आ गया था और उसके इसारे पर लुहार ने मुझे असहनीय पीड़ा देते हुए लोहे के जंबूर से मेरे दोनों स्तन काटने की कोशिश की थी। इस दृश्य से ही नीरा जी की देशभक्ति का अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितने कष्ट सहकर भी इन्होंने देश के प्रति अपना फ़र्ज़ निभाया था। इस अवसर पर धर्मेंद्र सिंह, पुनीत कुमार, लोकेश सिंह, धीरेंद्र सिंह, जगवीर सिंह, शिवराज सिंह, सूरज चौधरी, साधना, छवि आदि मौजूद रहे।