रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर किया लूट का खुलासा

पचपेड़ा पर चालक को फेंककर लूट ले गए थे कार व मोबाइल

गभाना। थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह हाईवे पचपेड़ा पर चालक के साथ मारपीट कर कार लूट कर ले जाने के मामले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की कार के अलावा तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है।

दनकौर के लिए हरियाणा से भाड़े पर लाए थे कार

थाना हाथरस जंक्शन के गांव हाजीपुर निवासी मोहित कुमार वर्तमान में हरियाणा के बल्लभगढ़ की न्यू शिव कालोनी रहते हैं। उन्होंने मंगलवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उन्होंने स्विफ्ट डिजाइर गाड़ी ऊबर कंपनी में लगा रखा है। जिसे हाथरस के थाना सहपऊ के गांव सुल्तानपुर निवासी अमित कुमार चलाता है। सोमवार रात्रि में करीब 12:30 बजे अमित कार को बल्लभगढ़ (हरियाणा) बस अड्डे पर लेकर गया था। जहां से पांच युवकों ने 1200 रुपये के भाड़े पर कार को गौतमबुद्धनगर के दनकौर नहर के लिए आने के लिए तय किया। देर रात में दनकौर नहर पर पहुंचते ही बदमाशों ने गाड़ी रूकवा लिया और चालक को गाड़ी से नीचे खींच लिया। बदमाशों ने चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर डाली और कंबल ऊपर डालकर गाड़ी में पिछली सीट पर डाल दिया था। शोर मचाने पर बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मंगलवार की सुबह बदमाश उसे हाईवे पर पचपेड़ा मोड़ के पास बने यात्री शेड के पास फेंककर कार व उसके मोबाइल को लूटकर भाग गए थे।बलंवत नगरिया व हुर्सेना के बीच बंबा पुलिया से पकड़ा

सीओ गभाना शुभेंदु सिंह ने बताया कि पीड़ित चालक ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि बदमाशों ने उसके मोबाइल से अपने एक नंबर पर पेटीएम के माध्यम से नौ हजार रुपये ट्रांसफर कराए थे, जबकि उसके मोबाइल को भी साथ ले गए थे। इसी आधार पर सर्विलांस की मदद से पुलिस चालक का मोबाइल फोन को ट्रेस करने में जुट गई। मंगलवार देर शाम को चालक के फोन लोकेशन गभाना क्षेत्र में बलवंत नगलिया व हुर्सेना के पास पता चला। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बंबा की पुलिया के पास दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी खेतों के रास्ते मौके से फरार हो गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पुनीत भारद्वाज निवासी बान थाना छतारी जनपद बुलंदशहर बताया। जबकि दूसरा पकड़ा गया बाल अपचारी (नाबालिग) है। उन्होंने फरार साथियों के नाम प्रशांत निवासी साहर थाना छतारी, व अक्की निवासी डूडाखेडा थाना छतारी जनपद बुलंदशहर बताया।

कर्ज में डूबे तो कर डाली लूट

आरोपी पुनीत ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसके माता-पिता के नहीं हैं। उसने अपनी जमीन को करीब 17 लाख रुपये बेच दिया। रुपये आने के बात वह दोस्तों के साथ मौज-मस्ती में रुपये उड़ाने लगा। इसी शौक में उसने लोगों से कर्जा ले लिया। कर्जदार उससे रुपये मांगने लगे। जिस पर उसने अपने साथी प्रशांत, अक्की, करन व बाल अपचारी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। उसने बताया कि वह चालक का अपहरण कर केवल एक लाख रुपये ही लेना चाहते थे, लेकिन जब रुपये न मिले तो वह चालक को फेंकर कर कार को ही लूट गए। वह कार को दिल्ली बेचने के लिए जा रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। सीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जहां से बाल अपचारी को बाल सुधार गृह व दूसरे आरोपी को जेल भेज दिया गया है। भागे गए बदमाशों को पकड़ने के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर सुधीर कुमार, एसआई अजहर हसन, हेड कांस्टेबल अजब सिंह आदि शामिल रहे।

error: Content is protected !!