सीएम योगी की जनसभा में गिरा पांडाल, दो लोग हुए घायल
गभाना। कस्बा में तहसील मुख्यालय के सामने मैदान में शुक्रवार को भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी सांसद सतीश गौतम के समर्थन मेंं आयोजित जनसभा में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने से पूर्व अचानक आए तेज हवाओं के झोंके में पांडाल गिर गया। जिसमें दो लोग घायल हो गए। जिन्हें प्रशासन ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया।
अलीगढ़ से लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सांसद सतीश गौतम के समर्थन में शुक्रवार को कस्बा में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा थी। जिसको लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी के आने से पूर्व अन्य वक्ता मंच से बोल रहे थे। तभी अचानक आए तेज हवा के झौके में प्रेस दीर्घा के ऊपर लगा पांडाल गिर पड़ा।
जिसमें वहां बैठे सुनाना निवासी विनोद कुमार व सोमना निवासी हरपाल पाइप गिरने से घायल हो गए। वहीं वहां मौजूद अन्य पत्रकार बाल-बाल बच गए। पांडाल गिरते ही वहां पर अचानक भगदड़ की स्थिति बन गई। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाला तथा घायलों का कस्बा स्थित निजी अस्पताल में उपचार कराया। बाद में मंच से लोगों को पाइपों को पकड़कर खुद की सुरक्षा करने के लिए अनाउंस किया गया। हालांकि मुख्यमंत्री के आने का समय देखते हुए टूटे हुए पांडाल को उतारकर खुला छोड़ दिया गया। वहीं लोगों में चर्चा है कि सुबे के मुखिया की जनसभा में इतनी बड़ी चूक कैसे, जो कि कुछ सेकंड के लिए आए हवा के झौंके में ही पांडाल धराशाई हो गया।
योगी के प्रति दिखी दीवानगी
मुख्यमंत्री को देखने व सुनने के लिए सुबह से आस क्षेत्र के अलाव गैर जनपद से भी बड़ी संख्या में लोग जनसभा स्थल पर पहुंचे। पांडाल गिरने के दौरान घायल हुए सुनाना के विनोद कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से वह प्राथमिक उपचार कराकर फिर से योगी को सुनने के लिए सभा स्थल पर पहुंच गए। जैसे ही योगी हेलीपैड से मंच पर पहुंचे वैसे ही पूरा पांडाल योगी के नारों से गूंज उठा।
मंच पर कार्यक्रम के दौरान बदला फ्लैक्स
कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक फ्लैक्स लगाया गया था, जिसमें केंद्र, प्रदेश से लेकर जनपद के तमाम माननीय के फोटो लगे हुए थे, लेकिन एक माननीय का फोटो न होने के चलते बीच कार्यक्रम मेंं फिर से फ्लैक्स को बदला गया, जो कि लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
काले कपड़े पहन कर आए लोगों को किया वापस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कस्बा गभाना में पहली बार आ रहे थे। उनको सुनने व उनकी एक झलक पाने को बड़ी संख्या में लोग जनसभा स्थल पर पहुंचे। इस दौरान काले रंग की शर्ट व टी-शर्ट पहनकर आए लोगों को वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने लौटा दिया। जिसको लेकर वह मायूस होकर चले गए, वहीं कुछ लोगों ने उनके भाषण को हाईवे पर खड़े होकर ही सुना।