रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

अंतर्राज्यीय गैंग के लुटेरों से पुलिस की हुई मुठभेड़, एक बदमाश के लगी गोली

- इगलास व देहलीगेट में ज्वैलर्स से लूट की घटना को दे चुके हैं अंजाम

इगलास। कस्बा तथा देहलीगेट क्षेत्र में ज्वैलर्स से लूट की घटना को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के बदमाशों से रविवार को थाना पुलिस की डबल नहर के बीच गांव टीकापुर के पास मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर डाली। पुलिस की जबाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को कस्बा स्थित सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से बाइक व तमंचा बरामद किया है। पुलिस भागे हुए आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

देहलीगेट व इगलास में ज्वैलर्स के उड़ाए थे बैग

अलीगढ़ के देहलीगेट क्षेत्र में खैर रोड हीरानगर चौराह से बीती 26 फरवरी को रतन ज्वैलर्स दुकान से बदमाश पचास हजार रुपये भरा थैला चोरी कर फरार हो गए थे। चोर दुकान पर लगे कैमरे में कैद हो गया था। मामले में दुकान संचालक अंकित वार्ष्णेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं कस्बा इगलास में बीती 29 फरवरी की शाम को पुरानी तहसील रोड स्थित सुधीर कुमार वर्मा अपनी ज्वैलर्स की दुकान को बंद कर रहे थे। तभी बाइक सवार दो बदमाश उनकी स्कूटी पर टंगे सोने-चांदी के जेवरात व दस हजार रुपये से भरे बैग को लेकर भाग गए थे। पुलिस तभी से बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी।लूट की फिराक में खड़े थे बदमाश

सीओ इगलास डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को मुखबिर ने डबल नहर के पास लूट की फिराक में खड़े बाइक सवार बदमाशों की सूचना दी। सूचना पर थाना पुलिस व एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस टीम को देखकर बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जबाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर मे गोली लग गई और वह घायल अवस्था में जमीन पर गिर पड़ा। जबकि उसका दूसरा साथी मौका देखकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार को कस्बा स्थित सीएचसी में भर्ती करा दिया। वहीं भगे हुए बदमाश की तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका।

छत्तीसगढ़ व उड़ीसा का है गैंग

सीओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम भावेश उर्फ फूलचंद पुत्र मोहन ध्रुव निवासी पुरैना थाना पुरानी भिलाई, दुर्ग (छत्तीसगढ) बताया। वहीं भागे हुए साथी का नाम अर्जुना पुत्र जगन्नाथ प्रधान निवासी पूर्वा कोट थाना कुरई, जजपुर (उड़ीसा) बताया। उसने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने अर्जुना, माइकल जगन्नाथ उर्फ बंटी पुत्र माइकल चंद्रा, माइकल कुमार पुत्र माइकल जग्गू, निवासीगण पूर्वा कोट थाना कुरई जनपद जाजपुर (उड़ीसा) के साथ मिलकर उक्त घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

ट्रेन व बसों में लूट व छिनैती की घटना को देते हैं अंजाम

सीओ के अनुसार बदमाश उड़ीसा व छत्तीसगढ़ के हैं, जोकि मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते हैं। जिससे पुलिस उनकी लोकेशन को ट्रेस न कर सके। यह लोग छत्तीसगढ़ व उड़ीस से पहले अयोध्या पहुंचे। जहां से ये बाइक से अलीगढ़ आए। बदमाश गिरोह बनाकर ट्रेन व बसों में लूट व छिनैती जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे।कपड़ व्यापारी बन करते थे रेकी

सीओ के अनुसार पकड़े गए बदमाश ने पुलिस पूछताछ में बताया कि गैंग दो गुटों में बंटा हुआ था। एक गुट कपड़ा व्यापारी बन फेरी करने के बहाने रैकी कर दूसरे गुट को सूचना दे देते थे। फिर दूसरा गुट घटना को अंजाम देता था। अलीगढ़ व इगलास में लूट की घटनाओं को अंजाम देने के बाद पुलिस टीम तलाश में जुटी हुई थी। जिसके चलते वह बाइक से ही उड़ीसा के लिए चले गए थे।

खंगाले जा रहे आपराधिक रिकॉर्ड

सीओ ने बताया कि मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ है। उसके कब्जे से बाइक, तमंचा बरामद हुआ है। भागे हुए बदमाशों को पकड़ने के लिए टीमों का गठन किया गया है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पकड़े गए बदमाश के आस-पास के जनपदों व राज्यों में आपराधिक रिकॉर्ड पता किए जा रहे हैं।

error: Content is protected !!