रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

जीटी रोड पर हो रहे जलभराव की समस्या को लेकर डीएम ने किया निरीक्षण

गभाना। सिकंदपुर भुकरावली पर जीटी रोड पर हो रहे जलभराव की समस्या को लेकर गुरुवार को डीएम विशाख जी ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधीनस्थों को समस्या का शीघ्र समाधान कराने के लिए निर्देशित किया।

बता दें कि भुकरावली पर जीटी रोड इन दिनों दयनीय हालत में पहुंच चुका है। पानी की निकासी न होने के चलते गांव का पानी सड़क पर एकत्रित होता रहता है। जिससे जीटी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। जिसके चलते जीटी रोड पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीण लंबे समय से पानी की निकासी व सड़क निर्माण की मांग करते चले आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में हुए हाथरस लोकसभा चुनाव के दौरान भी ग्रामीणों ने पानी की निकासी व सड़क निर्माण कराने की मांग को लेकर चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान करते हुए गांव में पोस्टर-बैनर आदि लगा दिए थे। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न करा दिया था।

गुरुवार को ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए डीएम विशाख जी ने अधीनस्थों के साथ पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने अधीनस्थाें को त्वरित नाले की खुदाई कराकर जल निकासी कराने, साइफन एवं चैंबर निर्माण कराने, पीडब्लूडी को क्षतिग्रस्त सड़क को दुरूस्त कराने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, अधिशासी अभियंता लोनिवि संजीव पुष्कर, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल, चीफ़ इंजीनियर नगर निगम सुरेश चंद्रा आदि मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!