वृद्ध से मारपीट कर लूट ले गए बकरी, ग्रामीणों ने एक लुटेरे को दबोचा
लोधा। क्षेत्र के गांव ताजपुर-रसूलपुर के निकट बकरी चरा रहे एक वृद्ध से चार लुटेरे मारपीट कर बकरी को लूट ले गए, जबकि ग्रामीणों ने एक लुटेरे को पकड़कर जमकर धुनाई करते हुए थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
थाना देहलीगेट के नगला महताब निवासी रामवीर पुत्र दीपचंद शनिवार दोपहर को ताजपुर-रसूलपुर के पास अपनी बकरियों को चरा रहे थे। तभी वहां पर टेंपो व बाइक सवार पांच लोग वहां पर आ गए। इस दौरान पांच लोगों ने रामवीर से मारपीट करते हुए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और जबरन बकरियों को पकड़ने लगे। वृद्ध ने जैसे-तैसे खुद को बचाते हुए शोर मचा दिया। जिस पर आस-पास काम कर रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख लुटेरे एक बकरी को टेंपो में डालकर भागने लगे। इसी बीच एक बदमाश पैर फिसल जाने से गिर पड़ा। जिसे ग्रामीणों ने दबोच लिया और जमकर धुनाई करते हुए थाना पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही भागे हुए बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।