गभाना में रेलवे लाइन पर मिला चंडौस की दिव्यांग महिला का शव
- मोबाइल के आधार पर हो सकी महिला की शिनाख्त
गभाना। क्षेत्र में कन्होई स्थित भुमियां बाबा फाटक के पास दिल्ली-कानपुर रेलवे लाइन पर शुक्रवार रात में महिला का शव पड़ा हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान चंडौस की दिव्यांग महिला के रूप में हो सकी। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक महिला के परिवार में कोहराम मच गया है।
रेलवे कर्मियों ने दी पुलिस को सूचना
एसएसआई केपी सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात में रेलवे कर्मियों ने कन्होई स्थित भुमियां बाबा रेलवे फाटक के पास एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त न हाे सकी। मृतका के पास में मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी शिनाख्त चंडौस के गांव नगला जैत निवासी 29 वर्षीय हेमलता पत्नी कालीचरन उर्फ करूआ के रूप में हो गई। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए।
दोनों पैरों से दिव्यांग थी हेमलता
परिजनों के अनुसार कालीचरन ईट भट्टा पर मजदूरी करता है। शुक्रवार सुबह वह काम पर चला गया था। तभी पीछे उसकी पत्नी हेमलता जो कि दोनों पैरों से दिव्यांग है, कहीं गायब हो गई थी। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। वह यहां तक कैसे पहुंची उन्हें जानकारी नही है। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हेमलता ने अपने पीछे दो बच्चों को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है। एसएसआई ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मामले में कोई भी शिकायती प्रार्थना पत्र नहीं आया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।