रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना में हाईवे पर तीन वाहन आपस में भिड़े, ट्रैक्टर चालक की हुई मौत

गभाना। हाईवे पर बरौली मोड़ के पास शुक्रवार देर रात में रोडवेज बस, टैक्टर-ट्राली व ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका मेडिकल काॅलेज में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना गौंडा क्षेत्र के गांव बसई निवासी 35 वर्षीय सत्यप्रकाश पुत्र बाबूलाल शुक्रवार रात्रि में जवां स्थित बिरला सीमेंट फैक्टरी से ट्रैक्टर-ट्राॅली में सीमेंट की बोरी लादकर जेवर (गौतमबुद्धनगर) के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर बरौली मोड़ के पास पहुंचे तभी हरदोई से सवारियां लेकर दिल्ली के लिए जा रही हरदोई डिपो बस चालक ने अचानक से ब्रेक ले लिए। जिससे ट्रैक्टर-ट्राॅली बस से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से अलीगढ़ की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राॅली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक सत्यप्रकाश के अलावा बस में सवार यात्री विजेंद्र सिंह पुत्र सर्वजीत सिंह निवासी अकबरपुर, पसनामऊ, बिलग्राम जनपद हरदोई घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को टोल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डाॅक्टरों ने सत्यप्रकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल की हालत गंभीर देखते हुए जेएन मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया। हादसे की खबर पाकर मृतक के परिजन भी अलीगढ़ पहुंच गए। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक दो बच्चों के पिता थे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!