रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कार की रोडवेज बस से हुई भीषण भिड़ंत, पांच युवकों की हुई मौत

- अलीगढ़-पलवल राजमार्ग पर अंडला के पास हुआ भीषण हादसा

खैर। कोतवाली क्षेत्र में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर गांव अंडला के पास अनियंत्रित कार डिवाइडर से उछलते हुए सड़क पर दूसरी तरफ सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गई। हादसे में कार में सवार पांचों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने जेसीबी व क्रेन की मदद से कार में फंसे पांचों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पांचाें मृतक बन्नादेवी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे के बाद कई घंटे तक अलीगढ़-पलवल मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।हवा में उछलते हुए बस से टकराई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अल्टो कार टप्पल की तरफ से अलीगढ़ की तरफ जा रही थी। जैसे ही कार अलीगढ़-पलवल मार्ग पर गांव अंडला के समीप पहुंची तभी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए हवा में उछलते हुए अलीगढ़ की तरफ से आ रही नोएडा डिपो बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के बुरी तरह से परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन व जेसीबी की मदद से बस में फंसी कार को बाहर निकाला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे सभी पांचों लोगों को बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक पांचों लोगों की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद अलीगढ़-पलवल मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क किनारे कराकर यातायात को सुचारू कराया। हादसे की सूचना पाकर एसडीएम महिमा सिंह व सीओ खैर राजीव द्विवेदी भी मौके पर पहुंच गए और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। वहीं बस में सवार यात्रियों को दूसरी बसों में बिठाकर गंतव्य के लिया भिजवा दिया।बन्नादेवी क्षेत्र के रहने वाले हैं पांचों मृतक

हादसे में मृतक पांचों युवकों की पहचान बन्नादेवी क्षेत्र के कपिल विहार कालोनी निवासी 22 वर्षीय बुदित शर्मा पुत्र दिनेश शर्मा, 20 वर्षीय बिट्टू उर्फ विक्रम पुत्र श्रीनिवास, 20 वर्षीय यश जोशी पुत्र मदन मोहन जोशी, 22 वर्षीय गोविंद पुत्र पिंटू भास्कर व 21 वर्षीय देव पुत्र भारत भूषण निवासी पन्नालाल कॉलोनी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना पाकर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

error: Content is protected !!