नहर की पटरी कटने से हुए किसानों की फसल के नुकसान का शीघ्र मिले मुआवजा
खैर। तहसील खैर के उटवारा व गभाना के गांव बरका के बीच मध्य गंग नहर की पटरी कटने से बर्बाद हुई किसानों की फसलों का उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग को लेकर भाकियू भानू गुट के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार काे सौंपा।
भाकियू भानू गुट के युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर के नेतृत्व में पदाधिकारी व पीड़ित किसान एकत्रित होकर तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने नायब तहसीलदार काजल चौधरी को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने बताया कि उटवारा व बरका के बीच विगत 10 अगस्त की तड़के अचानक से मध्य गंग नहर की पटरी कट गई थी। जिससे बराका, उटवारा, एेंचना, बिसारा, जरारा, चांजोर, पीपल समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों के सैंकड़ों किसानों की हजारों बीघा धान, मक्का, बाजरा की फसल डूबकर बर्बाद हो गई है। किसानों के खूंन पसीने से सींची गई फसल चौपट हो जाने से उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने हल्का लेखपाल व कानूनगाे के माध्यम से निष्पक्ष सर्वे कराकर एक सप्ताह के अंदर उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री गोविल सिंह, जिला महासचिव पिंटू शर्मा, तहसील उपाध्यक्ष मानेंद्र चौधरी, डॉ. बलजीत चौधरी, फूल सिंह, देवराज सिंह, गौरव, अरून, श्रेय चौधरी, गोपाल चौधरी, आदि मौजूद रहे ।