बर्बाद फसलों के शीघ्र मुआवजे की मांग को लेकर भाकियू ने एसडीएम को दिया ज्ञापन
गभाना। क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हुई भारी बारिश से बर्बाद हुई किसानों की फसलाें के मुआवजे की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट के पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
मंडल अध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा व युवा मंडल अध्यक्ष विजय ठाकुर के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता व किसान शनिवार को एकत्रित होकर तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम विनीत मिश्रा को दिया। जिसमें उन्होंनेकहा कि अलीगढ़ जनपद में पिछले तीन दिनों में हुई भारी बारिश के चलते किसानों के खेतों में खड़ी धान, बाजार समेत अन्य फसलों में 80 से 90 प्रतिशत नुकसान हुआ है। जिससे किसान पूरी तरह से सदमे में हैं और बर्बादी के कगार पर आ खड़ा हुआ है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से फसलों का शीघ्र सर्वे कराकर मुआवजा दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के चलते 24 घंटों से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी विद्युत आपूर्ति दुरूस्त नहीं हो सकी है, जिसे शीघ्र ठीक कराया जाए। बारिश से गांव व शहरों में सड़कों पर हुए काफी गहरे-गहरेगड्डों से हादसों की संभावना बढ़ गई हैं। जिन्हें शीघ्र ही दुरूस्त कराकर गड्डा मुक्त कराया जाएगा। नहर, रजबाहों की साफ-सफाई न होने के चलते पानी ओवरफ्लो होकर किसानों के खेतों में पहुंच रहा है। जिससे किसानों की फसलें खराब हो रही हैं, साथ पटरियां भी क्षतिग्रस्त हो रही है। नहरों वरजबाहों की शीघ्र ही साफ-सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि सात दिन में उनकी मांगों को पूरा न किया गया तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा। इस दौरान युवा जिलाध्यक्ष अमित चौधरी, तहसील अध्यक्ष योगेंद्र पाल सिंह (सभासद) मंडल उपाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, विशाल शर्मा उर्फ रामू पंडित, जगवीर सिंह, सोनू चौधरी, रिंकू प्रधान, रॉबी चौधरी, भूरी फौजी, रामू चौधरी, सुधीर ठाकुर आदि मौजूद रहे।