रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा शुरू

-इगलास क्षेत्र के गांव चंदफरी में हो रहा साप्ताहिक कथा का आयोजन

इगलास। क्षेत्र के गांव चंदफरी में रविवार को श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कथा का आयोजन मां लीलावती ट्रस्ट के तत्वावधान में किया जा रहा है। शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला ने झंडी दिखाकर किया।

गांव के प्रमुख मार्गों से निकाली गई यात्रा में भक्तों ने श्रद्धा पूर्वक भाग लिया। महिला श्रद्धालु प्रीत वस्त्र धारण किए सिर पर कलश लिए प्रमुख सड़कों से गुजरीं। भक्ति धुनों पर श्रद्धालु झूमते व नृत्य करते हुए चल रहे थे। पुन: कथा स्थल पर पहुंची यात्रा को विश्राम दिया गया। यात्रा में शामिल होकर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी धार्मिक आस्था को प्रदर्शित किया। आचार्यों ने वेद मंत्र उच्चारण के साथ प्रथम आराध्य श्री गणेश के साथ भागवत पूजन कराया।

प्रथम दिवस की कथा का बखान करते हुए बाल व्यास युगल जोड़ी बृजकिशोर महाराज व दीदी वृंदा किशोरी ने श्रद्धा, भक्ति और त्याग के महत्व को समझाते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का उद्देश्य न केवल धार्मिकता को बढ़ावा देना है, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और प्रेम का संदेश फैलाना भी है। कथा प्रमुख रूप से भगवान श्री कृष्ण की लीलाएं और उनके जीवन के अनमोल मूल्य और भक्ति का महत्व बताया गया है। मुख्य यजमान मनोज शर्मा व छाया शर्मा रहे। इस अवसर पर प्रमुख व्यवस्थापक सोनू शर्मा, मुनेश शर्मा, विनोद शर्मा, मुनेश शर्मा, सुनील शर्मा, सचिन पाठक, अनिल पचौरी आदि थे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!