रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

सुमेरपुर व पला सल्लू में हुई गोकशी का पुलिस ने किया खुलासा, दो गोकशों को भेजा जेल

- आरोपियों के कब्जे से तमंचा-कारतूस व गोकशी करने का सामान हुआ बरामद

गभाना। थाना क्षेत्र के गांव सुमेरपुर व पला सल्लू में हुई गोकशी का पुलिस ने दो गोकशों को गिरफ्तार कर खुलासा किया है। पकड़े गए गोकशों के कब्जे से तमंचा-कारतूस व गोकशी करने का सामान बरामद हुआ हैं। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम शेष बचे आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

यह थी घटनाएं

थाना क्षेत्र के गांंव पला सल्लू में कौरह रूस्तमपुर मार्ग स्थित सफेदा के बाग में बीती 21 नवंबर को ग्रामीणों को गोवंश के अवशेष मिले थे। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण व हिंदू संगठनों के तमाम लोग मौके पर एकत्रित हो गए थे। उन्होंने गोकशों की शीघ्र गिरफ्तार करने व उनके विरूद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की थी। मौके पर एसडीएम गभाना विनीत कुमार मिश्रा व इलाका पुलिस ने पहुंच कर ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शांत कराते हुए अवशेषों को गढ्डा खुदवाकर दफनवा दिया था। मामले में पुलिस ने दस दिसंबर को लोधा क्षेत्र के गांव रायट निवासी करूआ उर्फ नौशाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी के कब्जे से पशुओं को बेहोश करने वाले इंजेक्शन व गोकशी करने के उपकरण बरामद हुए थे।

क्षेत्र के गांव सुमेरपुर व कलुवा के मध्य से गुजर रहे पुराने नाले में बीती 22 दिसंबर की दोपहर में ग्रामीणों को तीन गोवंश के अवशेष पड़े हुए मिले थे। मौके पर हिंदूवादी संगठन के लोग व ग्रामीण एकत्रित हो गए थे। उनमें गोकशी की घटना को लेकर पनप गया था। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाते बुझाते हुए आरोपियों को जल्द ही पकड़ने का आश्वासन देते हुए अवशेषों को जेसीबी की मदद से गढ्डा खुदवाकर दफनवा दिया था। 25 नबंवर की सुबह फिर से उसी स्थान पर ग्रामीणों को चार गोवंशों के अवशेष मिले।

हाईवे को किया था जाम, इंस्पेक्टर गभाना निलंबित

सुमेरपुर में 72 घंटे के अंदर दो बार गोकशी की घटना को लेकर हिंदुवादी संगठनों के लोगों व आस-पास के गांवों के लोगों में आक्रोश पनप गया था। जिसके बाद आक्रोशित लोग मौके पर मिले गोवंशों के अवशेषों को लेकर दिल्ली-कानपुर हाईवे पचपेड़ा मोड़ पहुंच गए थे। जहां उन्होंने अवशेषों को रखकर हाईवे को दोनों तरफ से जाम कर दिया था। मौके पर पहुंचे अधिकारियों व भाजपा के जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला समेत अन्य पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया था, लेकिन वह आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने, एनएसए लगाने, आरोपियों के घरों पर बुल्डोजर चलवाने, मामले में लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर गभाना, कलुवा चौकी, भरतरी चौकी, पैराई चौकी व जवां की अमरौली चौकी पर तैनात पुलिसर्मियों की मांग करने लगे। करीब तीन घंटे तक नेशनल हाईवे जाम होने पर एसएसपी संजीव सुमन ने मौके पर पहुंचकर इंस्पेक्टर गभाना को निलंबित करने, कलुवा चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों की जांच कराने व आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया था।

सोमना नहर के पास से पकड़े दो गोकश

एसओ गभाना विनय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने गुरुवार की देर रात में मुखबिर की सूचना पर सोमना नहर पुल के पास भीमपुर गांव की ओर जाने वाले मार्ग से दो गोकशों को पकड़ लिया। जबकि पांच-छह आरोपी मौके का फायदा उठाकर भाग गए। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपने नाम यूनुश उर्फ इना व निजाम पुत्रगण इसफाक उर्फ असफाक निवासी रामपुर-शाहपुर थाना चंडौस बताया।

गोकशी करने की फिराक में खड़े थे आरोपी

पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि दोनों लोधा थाना क्षेत्र के गांव रायट निवासी चीनी उर्फ रईस, दिलशाद व उनके अन्य साथियों के साथ गोकशी की घटना को अंजाम देने के लिए खड़े हुए थे। उन्होंने सुमेरपुर व पला सल्लू में साथियों के साथ मिलकर गोकशी करने की घटना को कबूल किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचा, दो जिंदा कारतूस, गड़ासा, चाकू व गोकशी करने का अन्य सामान बरामद किया है।

आरोपी पर 10 मुकदमे दर्ज 

एसओ विनय कुमार के अनुसार पकड़े गए दोनों आरोपी क्षेत्र में लगातार अन्य आरोपियों के साथ मिलकर गोकशी की घटना को अंजाम देते थे। आरोपी यूनूश उर्फ इना पर गभाना के अलावा चंडौस व खैर थाना में गोवध निवारण अधिनियम, जानलेवा हमला, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट के 10 मुकदमे दर्ज हैं। एसओ ने बताया कि भागे हुए आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें जुटी हैं, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में ये रहे शामिल

उपनिरीक्षक सुधीर कुमार, उपनिरीक्षक हरिभान सिंह, उपनिरीक्षक नितिन चौधरी कांस्टेबल सौरभ कुमार, कांस्टेबल करन सांगवान आदि शामिल रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!