महाकुंभ पर्यावरण गतिविधि के तहत चलाया अभियान
इगलास। कस्बा बेसवां में हरित महाकुंभ हेतु पर्यावरण गतिविधि के तहत एक थैला एक थाली अभियान में पर्यावरण गतिविधि विभाग संयोजक विकास, प्रांतीय संपर्क प्रमुख विपिन गोयल, नगर कार्यवाह गोपाल राठी तथा तहसील प्रचारक प्रेम किशन, संघ कार्यकर्ता सुरेश चंद शर्मा व सौरभ ने लोगों से संपर्क करके जागरुक किया। इस दौरान समाज के प्रमुख लोगों से संपर्क कर सहयोग लिया गया। महाकुंभ में स्वच्छता बनी रहे पर्यावरण प्रदूषित न हो इस बात को लेकर संघ के कार्यकर्ता गांव-गांव व नगर-नगर अभियान चला रहे हैं जिससे महाकुंभ परिसर में गंदगी ना हो।
—
मार्च तक संपन्न होगा पशु गणना का कार्य
इगलास। केंद्र सरकार की योजनान्तर्गत ब्लाक के सभी गांव व नगर पंचायत क्षेत्रों में 31 मार्च 2025 तक पशु गणना का कार्य संपन्न किया जाएगा। ग्रामीण अंचल में पशु गणना का काम नवंबर 2024 से प्रारंभ किया गया है। नोडल ट्रेनर डा. सुमित बंसल ने बताया कि ब्लाक की 67 ग्राम पंचायतों व दो नगर पंचायतों में पशुपालकों से संपर्क करके उनके पाल्य पशुओं की गणना का नियत अवधि में पूरा किया जाना है। गणना के काम में पशुपालन विभाग के पशुधन प्रसार अधिकारी, पैरावेट, ड्रेसर व सहयोगी कर्मचारियों से कराया जा रहा है। गणना के दौरान पशुपालकों के पास कौन-कौन से पशु हैं किस-किस प्रजाति के हैं ? यह जानकारी करेंगे। अभी तक 20 फीसद काम ही पूरा हो सका है, 31 जनवरी तक 50 फीसद काम हो जाएगा।