जल्द सुधरेगी इगलास व बेसवां में विद्युत आपूर्ति, कार्य शुरु
इगलास। भीषण गर्मी में लोगों को विद्युत कटौती का सामना न करना पड़े इसे देखते हुए विद्युत विभाग ने सुदृढीकरण कार्य प्रारंभ कर दिया है। कस्बा बेसवां व इगलास में जल्द ही कार्य को पूर्ण कर दिया जाएगा। खराब व जर्जर पड़ी लाइनों के बदले जाने से विद्युत आपूर्ति सुधरेगी। मंगलवार को विभाग की टीम ने बेसवां में कार्य शुरु कर दिया गया।
विद्युत वितरण खंड चतुर्थ के उपखंड अधिकारी सुदामा प्रसाद ने बताया कि कस्बा बेसवां व इगलास में भीषण गर्मी व आंधी, बारिश के मौसम में विद्युत कटौती होती रहती है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दोनों कस्बों की विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ीकरण करने का कार्य शुरु कर दिया गया है। इस दौरान जर्जर पोल, बंच केविल, खराब ट्रांसफार्मर को बदलने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बेसवां में कार्य का शुभारंभ अधिशासी अभियंता जीएस कसेरवाल, निवर्तमान चेयरमैन मनोज कुशवाह, जेई सतपाल सिंह व कार्यदाई संस्था के प्रमोद सारस्वत ने किया। जल्द ही कस्बा इगलास में भी कार्य शुरु हो जाएगा। कार्य पूर्ण होने के बाद उपभोक्ताओं को बीच-बीच में होने वाली ट्रपिंग की समस्या से निजात मिल जाएगी।