गभाना में सैनिकों के सम्मान में भाजपाईयों ने निकाली तिरंगा यात्रा
गभाना। आपरेशन सिंदूर की सफलता व भारतीय सेना के सम्मान में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कस्बा में तिरंगा यात्रा निकाली। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व ग्रामीण हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, भारतीय सेना जिंदाबाद के गगनभेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे। जिससे पूरे कस्बा का वातावरण देशभक्ति हो गया।
कस्बा के शारदा मैरिज होम से तिरंगा यात्रा प्रारंभ हुई। जिसमें सांसद सतीश गौतम, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला, जिला उपाध्यक्ष गौरव शर्मा भी शामिल हुए। सांसद सतीश गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत पुरानी नीतियों से ऊपर उठ चुका है। आॅपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के पराक्रम ने स्पष्ट संदेश दिया कि अगर दुश्मन हमें चुनौती देगा, तो हम उसे बख्शेंगे नहीं। देश की सेना के आॅपरेशन सिंदूर की सफलता ने दुश्मन देश पाकिस्तान को बर्बाद कर दिया और घुटने टेकने पर विवश कर दिया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि तिरंगा यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि उन वीर सैनिकों के प्रति कृृतज्ञता है, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए हर जोखिम उठाया। आज देश की सेना पर हर भारतवासी को गर्व है। तिरंगा यात्रा कस्बा के जीटी रोड, रामपुर, लाखा बाजार, कालेज रोड, सारस्वत विहार कालोनी में भ्रमण करते हुए भाजपा कार्यालय पर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। इस मौके मंडल अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, सतेंद्र सिंह भोला, पूर्व ब्लाक प्रमुख यशपाल माहौर, दलवीर सिंह, ओमकार सिंह, मुनेश शर्मा, ज्ञानेंद्र सिंह, नरेंद्र शर्मा, राज अग्रवाल, बंटी चौधरी, कुलदीप शर्मा प्रधान, राहुल प्रधान, मानवेंद्र सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।