गभाना में दोस्ती के पीछे छिपी दुश्मनी, 26 दिन बाद खुला हत्या का राज
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव लालपुर नगला बंजारा में दो अगस्त को धान के खेत से मिले शव के मामले का पुलिस ने 26 दिन बाद सनसनीखेज खुलासा किया है। इटावा निवासी अशोक कुमार की हत्या उसके ही दोस्त ने पत्नी के साथ मिलकर की थी। आरोपित को पत्नी से अवैध संबंध का शक और रुपये हड़पने की लालच था। पुलिस ने गुरुवार को हत्यारोपी दंपती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
लालपुर नगला बंजारा में दो अगस्त को मिला था शव
विगत दो अगस्त को गांव लालपुर नगला बंजारा में लालपुर निवासी पवन शर्मा के धान के खेतों में एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला था। मृतक के गले में प्लास्टिक की रस्सी बंधी हुई थी, जिससे उसका गला घोंटकर हत्या को अंजाम दिया गया था।हाथ पर अशोक कुमार लिखा था और पास में बस का टिकट मिला था। शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार अज्ञात में करा दिया था।
मोबाइल लोकेशन ने खोला राज
थाना प्रभारी विनय कुमार के अनुसार इटावा के थाना फ्रेंड्स कालोनी के अड्डाटीला शिवपुरी निवासी 45 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र मेवाराम वर्तमान में नोएडा के थाना बीटा-2 की एच्छर कालोनी में रहकर मारूती कंपनी में नौकरी करता था। अशोक की पत्नी नीरू ने पिछले दिनों थाना बीटा-2 पति के गुम होने की शिकायत की। पुलिस ने अशोक के मोबाइल की लोकेशन को चैक किया तो उसकी अंतिम लोकेशन एटा के थाना निधौंली कला में निकली। 24 अगस्त को नीरू ने निधौंली कला में पति अशोक कुमार की गुमशुदगी दर्ज कराई। अशोक की गुम होने वाले दिन की मोबाइल लोकेशन गभाना क्षेत्र में मिली तो गभाना थाना पुलिस से संपर्क किया। जिसके बाद घटना की परत खुलती चली गई।
भागने की फिराक में थे आरोपी दंपती
थाना प्रभारी के अनुसार मृतक अशोक की पत्नी नीेरू ने एटा के थाना निधौली कला के गांव नगला देवा निवासी कन्हैया पुत्र गीतम पर शक जताया। जिस पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। बुधवार शाम को पुलिस सूचना मिली कि आरोपी हाईवे पर महरावल पुल के पास अपनी पत्नी मोनिका के साथ कहीं जाने की फिराक में खड़ा हुआ है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दबोचा लिया।
पत्नी से शक और पैसों की चाहत बनी वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपित कन्हैया ने बताया कि वह और अशोक नोएडा की मारूति कंपनी में काम करते थे। उसे शक था कि पत्नी के अशोक से संबंध हैं। इसी बीच उसे पता चला कि अशोक जल्द ही कार खरीदने वाला है और पैसों से संपन्न है। ऐसे में उसने पत्नी संग साजिश रचकर उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया। एक अगस्त को उसने गांव से केदारनाथ बस जाने का बहाना दिया। उसने अशोक को पत्नी को बुलाने के बहाने से गभाना के गांव लालपुर नगला बंजारा अपनी ससुराल लाने का झांसा दिया। कस्बा गभाना से शराब खरीदी और रास्ते में जमकर शराब पिलाई और फिर रात में खेत के पास पत्नी की मदद से प्लास्टिक की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शव को धान के खेत में फेंककर भाग निकले।
मृतक की तनख्वाह आने का इंतजार करता रहा हत्यारा
हत्या के बाद कन्हैया ने अशोक का मोबाइल अपने पास रखा और 5 अगस्त को उसकी सैलरी आने पर 13,467 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद फोन बंद कर दिया। पुलिस ने आरोपी दंपती की निशानदेही पर मृतक का बैग और जूते खेत से बरामद कर लिए। गुरुवार को पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में ये रहे शामिल
थाना प्रभारी विनय कुमार, उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक शुभम कुमार, कांस्टेबल अनुज कुमार, कांस्टेबल मनीष कुमार, महिला कांस्टेबल सुषमा देवी आदि शामिल रहे।
वीडियो देखें 👇