स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मंडलायुक्त ने किया सम्मानित
अलीगढ़। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अंतर्गत एटा एवं अलीगढ़ की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में अलग पहचान बनाई है। इन्हीं उपलब्धियों को देखते हुए मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मंगलवार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।

कार्यक्रम में अलीगढ़ की ड्रोन दीदी सीमा सिंह, नीरज कुमारी, लखपति दीदी ललिता शर्मा, विद्युत सखी लता सिंह और डीएमएम समीर कुमार को सम्मानित किया गया। वहीं एटा जिले की बैंक सखी अंबिका, समूह सखी आशा, विद्युत सखी पूनम और डीएमएम हर प्रसाद को मंडलायुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त ने कहा कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं आज न सिर्फ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना रही हैं, बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि “ड्रोन दीदी, बैंक सखी, विद्युत सखी जैसी योजनाओं ने महिलाओं की भागीदारी को नई दिशा दी है। इनके कार्य अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणादायी हैं।” मंडलायुक्त ने सभी प्रतिभागियों को और अधिक मेहनत व लगन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और उनके प्रयास आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को पूरा करने में सहायक सिद्ध होंगे।
—————————-
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 सितम्बर को
अलीगढ़। जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनुपम कुमार के आदेशानुसार 13 सितम्बर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय, अलीगढ़, बाह्य स्थित न्यायालयों में एवं तहसील स्तर पर किया जाना है। राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों व विभागों में लम्बित विभिन्न प्रकृक्ति के मामलों जैसे- फौजदारी के शमनीय वाद, धारा 138 एनआईएक्ट, धान वसूली वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम वाद, विद्युत अधिनियम एवं जलकर से सम्बन्धित वाद, पारिवारिक एवं वैवाहिक वाद, भूमि अर्जन वाद, सेवा सम्बन्धित्त वाद अन्य दीवानी वाद, अन्य प्रकृति के वाद जो न्यायालयों में छोटे-छोटें प्रकृति के मामलें के अतिरिक्त पारिवारिक, वैवाहिक विवादों के प्रीलिटिगेशन मामलों तथा प्रीलिटिगेशन स्तर पर विभिन्न बैंको, वित्तीय संस्थाओं एवं विभागों में लम्बित, प्रीलिटिगेशन स्तर के मामलों का भी निस्तारण आपसी सुलह समझौता के आधार पर किया जाना है।
अपर जिला जज, पूर्णकालीन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिन श्रीवास्तव उक्त जानकारी देते हुए वादकारीगण से अपेक्षा की है कि वे अपने मामले का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में कराने के इच्छुक हो तो वह अपना प्रार्थना पत्र सम्बन्धित न्यायालय व कार्यालय को नियत तिथि से पूर्व प्रेषित कर दें।
——————–
टेक्सटाइल पॉलिसी के तहत जैन कार्ड इंडस्ट्रीज को 21.50 करोड़ की स्वीकृति
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेन्टिंग पॉलिसी-2017 के तहत सुपर मेगा श्रेणी की वस्त्र इकाई मैसर्स जैन कार्ड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, मथुरा के पक्ष में शासन से 21.50 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। सहायक आयुक्त हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग अलीगढ़ परिक्षेत्र देवेन्द्र कुमार ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि इकाई ने हथकरघा क्षेत्र में 134 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसके सापेक्ष शासन स्तर से गठित समिति की संस्तुति पर 19.18 करोड़ पूंजीगत उपादान एवं 2.31 करोड़ ब्याज उपादान की धनराशि आवंटित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेन्टिंग पॉलिसी-2022 संचालित है, जिसके अंतर्गत वस्त्र उद्योग में निवेश करने वाली इकाइयों को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है।
———-
क्षेत्र पंचायत इगलास की बैठक 29 अगस्त को
अलीगढ़। क्षेत्र पंचायत इगलास की बैठक 29 अगस्त को प्रातः 11 बजे से मा0 प्रमुख क्षेत्र पंचायत इगलास की अध्यक्षता में विकास खण्ड इगलास परिसर में आहुत की जाएगी। खण्ड विकास अधिकारी इगलास चैतन्य कुमार पाठक ने उक्त जानकारी देते हुये बताया कि बैठक में गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि, ग्रामीण पेयजल, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, पंचायत घर निर्माण, कृषि, लघु सिंचाई, नहर विभाग, राजकीय नलकूप, बाल विकास, एनआरएलएम, समाज कल्याण, खाद्य एवं रसद, शिक्षा, सहकारिता, पशुधन, युवा कल्याण, भूमि संरक्षण पेयजल, मत्स्य, दुग्ध समेत अन्य विभागों की योजनाओं पर विचार विमर्श किया जायेगा। उन्होंने समस्त क्षेत्र पंचायत सदस्य इगलास एवं ग्राम प्रधानों को सूचित करते हुये अनुरोध किया है कि वह नियत समय व स्थान पर बैठक में प्रतिभाग करें।