जन्मदिन को बनाया यादगार, समाजसेवी ने आयोजित कराया रक्तदान शिविर
गभाना। कस्बे के मां दुर्गा अस्पताल में मंगलवार को समाजसेवी धर्मेंद्र ठाकुर ने अपने जन्मदिवस पर मानव सेवा की मिसाल पेश की। सत्यमन संस्था के सहयोग से उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कराया, जिसमें धर्मेंद्र ठाकुर और ईष्ट मित्रों समेत कुल 51 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं को संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र और हेलमेट देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नई जिंदगी दे सकता है, यही इसे सबसे महान दान बनाता है। रक्तदान केवल मरीज की जान बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में सहयोग, भाईचारे और परस्पर संवेदनशीलता का सशक्त संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत उत्सव को रक्तदान शिविर के रूप में मनाना वास्तव में प्रेरणादायी पहल है, जिससे युवाओं को भी आगे बढ़कर इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने की सीख मिलती है।
आयोजन में पूर्व ब्लाक प्रमुख यशपाल माहौर, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह राना, प्रवीन शर्मा, विपिन कुमार सिंह, सचिन चौधरी, रोहित वर्मा, पूरन सिंह, विनोद सिंह, गीतम सिंह, गीता देवी, योगेंद्रपाल सिंह योगी, रवेंद्र सिंह भोले, हिमांशु शर्मा, योगेंद्र सिंह, हरीश शर्मा, रामगोपाल शर्मा, मोनू सिंह, प्रमोद सिंह सहित कई गणमान्य लोगों का सहयोग रहा।