रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना में महाराणा प्रताप जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, भव्य शोभायात्रा में गूंजे देशभक्ति के तराने

गभाना। शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती शनिवार को कस्बा सहित पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस गौरवशाली अवसर पर जहाँ एक ओर लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया, वहीं दूसरी ओर महाराणा प्रताप युवा संगठन के तत्वावधान में निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को केसरिया रंग और देशभक्ति के जोश से सराबोर कर दिया।

तहसील तिराहे से शुरू हुई इस शोभायात्रा का शुभारंभ महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह एक ऐसे महान पराक्रमी योद्धा थे, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने उनके संघर्ष को याद करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप ने घास की रोटी खाना तो स्वीकार किया, लेकिन कभी मुगलों की अधीनता स्वीकार नहीं की। उनका जीवन हमें विषम परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।

शोभायात्रा में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सैकड़ों की संख्या में युवा हाथों में भगवा ध्वज लेकर डीजे पर बज रहे देशभक्ति के गीतों पर थिरकते और गगनभेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे। यह यात्रा जीटी रोड, लाखा बाजार और रामपुर जैसे विभिन्न प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए महाराणा प्रताप चौक पर पहुँचकर संपन्न हुई। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में योगेश कुमार सिंह, विवेक ठाकुर, रिंकेश ठाकुर, सोनू राजपूत, भोला ठाकुर, मानवेंद्र प्रताप, रोविन सिंह, उपेंद्र सिंह, हेमंत ठाकुर, राविन ठाकुर, कपिल ठाकुर और कुनाल ठाकुर सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

इसी क्रम में गांव बलवंत नगलिया में भी युवाओं द्वारा एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिरकत की। यहाँ भी युवाओं की टोली शौर्य गीतों के साथ गांव की गलियों से गुजरी, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। इस अवसर पर अध्यक्ष धर्मेंद्र ठाकुर, गवेंद्र जादौन, युगत प्रताप, अरून जादौन, अभिषेक जादौन, अरविंद जादौन, राहुल जादौन, अरवेंद्र जादौन और मुकुल जादौन मुख्य रूप से मौजूद रहे। क्षेत्रभर में हुए इन आयोजनों ने नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत और महान सपूतों के बलिदान से रूबरू कराया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!