पुलिसकर्मियों पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास करने वाला शातिर चालक गिरफ्तार, भेजा जेल
चंडौस। कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला कर ट्रक चढ़ाने का प्रयास करने वाले और लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी चालक को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह था पूरा मामला
प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि विगत वर्ष कस्बा चंडौस में दीपावली पर्व पर कानून व्यवस्था व सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे और बाजर में भीड़ भाड़ होने के चलते वाहनों का रूट डायवर्ड कर रहे थे। इसी दौरान दौरऊ की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रक को जब रुकने का इशारा किया गया तो चालक व क्लीनर ने मौजूदा पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन पर ही ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया था। इस जानलेवा हमले में पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे थे। घटना को अंजाम देने के बाद शातिर आरोपी ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया था। हालांकि मौके से ट्रक के क्लीनर को हिरासत में ले लिया था।
गंभीर धाराओं में दर्ज था मुकदमा, गौमत चौराहे से हुई गिरफ्तारी
हमले की इस वारदात के बाद तत्कालीन उपनिरीक्षक आकाश कुमार की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, जानलेवा हमला करने समेत कई अन्य संगीन और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए क्लीनर ने फरार मुख्य आरोपी चालक का नाम कोमल उर्फ छोटू पुत्र अज्ञात, निवासी विजयगढ़ी, थाना नौहझील (मथुरा) बताया था। तभी से पुलिस की टीमें आरोपी की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई थीं। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी चालक को गौमत चौराहे से धर दबोचा। इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ क्षेत्र में अभियान जारी रहेगा।