रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कृष्ण जन्मोत्सव पर साक्षात् ब्रजधाम बना भागवत पांडाल, कान्हा के प्राकट्य पर झूमे श्रद्धालु

नंद के आनंद भयो... के जयकारों के बीच बरसाए गए फूल, दिव्य झांकी देख भावविह्वल हुए श्रद्धालु

गभाना। क्षेत्र के समीपवर्ती गांव करनपुर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन सोमवार को भक्ति की ऐसी अविरल गंगा बही कि पूरा क्षेत्र कान्हा के रंग में रंग गया। कथाव्यास मनु व्यास ने व्यासपीठ से भगवान की दिव्य महिमा और उनके अवतरण के रहस्यों पर प्रकाश डालते हुए पांडाल में उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

प्रभु के चरणों में पूर्ण समर्पण ही मोक्ष का मार्ग

कथाव्यास मनु व्यास ने मानव जीवन की सार्थकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज का मनुष्य ईर्ष्या, द्वेष और मायावी संसार के झूठे बंधनों में उलझकर अपने मूल अस्तित्व को भूल चुका है। जब तक जीवन में ‘मैं’ और ‘मेरा’ का अहंकार रहेगा, तब तक ईश्वर की प्राप्ति असंभव है। उन्होंने मर्मस्पर्शी शब्दों में समझाया कि प्रभु की भक्ति कोई दिखावा नहीं, बल्कि आत्मा का परमात्मा से मिलन है। मनुष्य को अपने भीतर के क्रोध, लोभ और वासना रूपी असुरों का वध करना होगा। जब भक्त निष्काम भाव से बिना किसी शर्त के भगवान के चरणों में खुद को समर्पित कर देता है तभी उसके अंतःकरण में ज्ञान का प्रकाश फैलता है। भागवत कथा का श्रवण केवल कानों का रस नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित और मर्यादित बनाने का सर्वोत्तम साधन है।शंखध्वनि और जयकारों के बीच हुआ नंदलाला का आगमन

कथा के दौरान जैसे ही कथाव्यास ने भाद्रपद कृष्ण अष्टमी को रोहिणी नक्षत्र में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य अवतरण का प्रसंग सुनाया, पूरा पांडाल मानो साक्षात् नंदगांव में बदल गया। बाल स्वरूप कान्हा के प्राकट्य की मनोहारी और अलौकिक झांकी पांडाल में पहुंचते ही श्रद्धालु अपने स्थानों पर खड़े हो गए। ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा पांडाल गुंजायमान हो उठा। इस दौरान भक्तों ने श्रद्धा भाव से बाल कृष्ण मनोहर झांकी पर जमकर पुष्प वर्षा की। दिव्य भजनों की थाप पर महिला व पुरुष श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए और झूमकर नृत्य करने लगे।

मुख्य रूप से ये लोग रहे मौजूद

आयोजन में रामवीर राघव, रमेश राघव, जितेंद्र शर्मा, संत रामगिरि बाबा, रुकम सिंह, दुर्जन सिंह, मुनेश वशिष्ठ प्रधान, कैलाश, गुलवीर, ओम प्रकाश शर्मा, चांदनी किन्नर, सोनल गुप्ता, राजू राघव, हरी सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!