अलीगढ़ में कुंडल लूट गैंग का अंत, पुलिस मुठभेड़ में 50-50 हजार के दो इनामी बदमाश ढेर
एक सप्ताह के भीतर अलग-अलग क्षेत्र में 18 घटनाओं को दिया अंजाम, दहशत में थीं महिलाएं
अलीगढ़। जनपद के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में घास काटने और खेतों में काम करने वाली महिलाओं को बंधक बनाकर कुंडल व जेवरात लूटने वाले दो कुख्यात लुटेरों को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। थाना अतरौली, थाना हरदुआगंज, स्वॉट और सर्विलांस की संयुक्त टीमों के साथ हुई इस भीषण मुठभेड़ में दोनों लुटेरों की मौत हो गई। जबकि इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। मारे गए दोनों लुटेरों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पिछले एक सप्ताह से इस लुटेरों ने जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में महिलाओं से कुंडल और जेवरात की लूट की वारदातों को अंजाम देकर पूरे इलाके में दहशत और खौफ का माहौल पैदा कर रखा था।
एक सप्ताह में 18 वारदातें, कामकाजी महिलाएं थीं निशाना
पिछले एक सप्ताह से अलीगढ़ और आसपास के जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में इन बदमाशों ने आतंक मचा रखा था। इनका सॉफ्ट टारगेट मुख्य रूप से वे गरीब और कामकाजी महिलाएं थीं, जो अकेले खेतों में काम करने या मवेशियों के लिए चारा लेने जाती थीं। 17 मई को थाना मड़राक क्षेत्र के ग्राम भकरौला में पशुओं का चारा काट रही 09 महिलाओं को तमंचा दिखाकर उनके कुंडल और तोडियां लूट ली गईं थी। 21 मई को थाना अतरौली के ग्राम कल्याण नगर में चारा काट रही महिला से कुंडल लूट ले गए। इसी दिन थाना छर्रा के ग्राम बाईकला में व थाना लोधा के गांव मैमड़ी में खेतों पर काम कर रही महिलाओं से कुंडल लूट कर फरार हो गए थे। विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई इन ताबड़तोड़ लूट की घटनाओं से ग्रामीण महिलाओं के अंदर घर से बाहर निकलने में भय व्याप्त हो गया था।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद हुई पहचान
वारदातों की गंभीरता और जन-आक्रोश को देखते हुए एसएसपी नीरज कुमार जादौंन ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था और लुटेरों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एसपी देहात मनीष कुमार मिश्र के निर्देशन और सीओ अतरौली राजीव द्विवेदी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने अलीगढ़, बुलंदशहर एवं आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य खंगाले। फुटेज के माध्यम से अपराधियों के चेहरे और उनकी बाइक की पुख्ता पहचान हुई। इसके बाद जनपद व सीमावर्ती इलाकों में लगातार बैरियर, नाकाबंदी और सादे कपड़ों में ‘डिकॉय’ टीमों को तैनात किया गया।
सुबह पुलिस की गाड़ी में मारी टक्कर, दोपहर में एनकाउंटर
खैर क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला: रविवार सुबह खैर इलाके में जब पुलिस ने इन संदिग्ध लुटेरों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग कर दी और अपनी बाइक से पुलिस की गाड़ी में जोरदार टक्कर मारकर भाग निकले। इस घटना के बाद पुलिस ने अपनी सक्रियता और बढ़ा दी।
अतरौली में अंतिम मुठभेड़ में हुए ढेर
दोपहर करीब तीन बजे इन्हीं बदमाशों ने अतरौली क्षेत्र में फिर से एक महिला को असलहा दिखाकर उसके कुंडल लूट लिए। वारदात की सूचना मिलते ही पहले से अलर्ट पर खड़ी संयुक्त पुलिस टीमों ने लुटेरों की चौतरफा घेराबंदी और नाकेबंदी शुरू कर दी। एक बाग में खुद को चारों तरफ से पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीमों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीमों ने जवाबी फायरिंग की। जिसमें दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों की पहचान रजा मोहम्मद उर्फ रजुआ उर्फ बीन्ना पुत्र इम्तियाज, निवासी राजपुर सिंभावली हापुड़, हाल पता- किरायेदार जावेद डेयरी वाला, सेक्टर 3 माधवपुरम, ब्रह्मपुरी, मेरठ, व मोमीन पुत्र जान मोहम्मद निवासी बिरौड़ी ताजपुर थाना कोतवाली देहात बुलंदशहर के रूप में हुई है।
दो पुलिसकर्मी घायल: जबाबी फायरिंग में लुटेरों की गोलियों से दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नियंत्रण में है।
लंबा आपराधिक इतिहास
एनकाउंटर में ढेर हुए दोनों पेशेवर लुटेरे और हिस्ट्रीशीटर थे जो कई जिलों में वांछित थे
रजा मोहम्मद उर्फ रजुआ उर्फ बीन्ना के खिलाफ कुल 40 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इसमें आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, जानलेवा हमला, चोरी, लूटपाट, और दुष्कर्म जैसी धाराएं शामिल हैं। यह गाजियाबाद, मेरठ, गौतमबुद्धनगर, बागपत, अमरोहा, बुलंदशहर और अलीगढ़ में सक्रिय था।
मोमीन के खिलाफ कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं। इसके खिलाफ लोधा, जवां, खैर, क्वार्सी, शिकारपुर, अनूपशहर, डिबाई, खुर्जा नगर में लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और पुलिस पर जानलेवा हमले मामले दर्ज थे।
पिस्टल, तमंचा व अपाचे बाइक बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से लूटा गया एक कुंडल, एक अवैध पिस्टल, तमंचा, कारतूस व लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।