रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

अजना गांव में खूनी संघर्ष में 44 लोगों पर मुकदमा दर्ज

चंडौस। क्षेत्र के अजना गांव में शनिवार शाम को जमीन के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। मामले में पुलिस की ओर से हुए 22 नामजद समेत 44 उपद्रवियों के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस टीम पर हमला करने की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

जमकर हुआ पथराव, वीडियो हुई वायरल

दारोगा राजवीर सिंह की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अजना गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो दोनों गुटों के लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर अंधाधुंध ईंट-पत्थर बरसा रहे थे। इस हिंसक झड़प से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस टीम पर किया हमला

जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, तो उपद्रवी और अधिक उग्र हो गए। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज करते हुए उन पर भी हमला कर दिया। बाद में भारी संख्या में ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मामले में पथराव की एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।

जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तार

सीओ गभाना महेश कुमार ने बताया कि दारोगा की तहरीर के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा, हमला और बलवा सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है। फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

————

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!