गभाना टोल प्लाजा पर 31 पशुओं से भरा कैंटर पकड़ा, चार लोग गिरफ्तार
-श्री राम सेवा संगठन की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, हापुड़ के रहने वाले हैं चारों आरोपी
गभाना। हाईवे टोल प्लाजा के पास पशु क्रूरता का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ श्री राम सेवा संगठन के पदाधिकारियों की मुस्तैदी से अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे पशुओं से भरे एक कैंटर को पकड़ा गया है। सूचना पर तत्काल पहुंची थाना पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर पकड़ा कैंटर
जानकारी के अनुसार गुरुवार को श्री राम सेवा संगठन के जिला उपाध्यक्ष संजू सिंह फौजी के नेतृत्व में पदाधिकारी हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक संदिग्ध कैंटर आता हुआ दिखाई दिया। पदाधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए टोल प्लाजा के समीप घेराबंदी की और कैंटर को रोक लिया। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें बेहद बेरहमी और अमानवीय तरीके से बांधकर रखे गए 30 भैंस और एक कटरा बरामद हुआ। मौके पर हंगामा बढ़ता देख संगठन के लोगों ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी।
हापुड़ के रहने वाले हैं पकड़े गए आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कैंटर और उसमें सवार चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम अनस, अयान, मोहिन और चालक रागिव बताए। यह चारों आरोपी पुरानी चुंगी, कोतवाली देहात, जिला हापुड़ के निवासी हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन पशुओं को कहाँ से लाया गया था और कहाँ ले जाया जा रहा था।
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक राधा किशन ने बताया कि उपनिरीक्षक अमित कुमार की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद किए गए सभी 31 पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस दौरान संगठन के तमाम पदाधिकारी और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।