गभाना : जानलेवा हमले के तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार, दो तमंचे बरामद
- मुख्य आरोपी पहले ही जा चुका है जेल, पकड़े गए अभियुक्तों पर दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
गभाना। थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने पकड़े गए दो अभियुक्तों के कब्जे से अवैध असलहे भी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिन पर पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
टमकौली मोड़ पर हुआ था जानलेवा हमला
अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक राधा किशन ने बताया कि मडराक क्षेत्र के गांव सिकरना निवासी विष्णु उर्फ गब्बर ने थाने में जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर के मुताबिक शनिवार शाम को विष्णु सोमना स्थित अपनी बुआ के घर से किसी काम से गभाना कस्बा आ रहा था। तभी टमकौली मोड़ के पास घात लगाकर बैठे हिमांशु, आकाश उर्फ हैप्पी, निखिल उर्फ निक्की और प्रशांत आदि ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आकाश उर्फ हैप्पी ने विष्णु को जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर झोंक दिया। इस हमले में विष्णु तो बाल-बाल बच गया, लेकिन गोली वहां मौजूद उनके ही साथी निखिल के पेट में जा लगी थी।
सोमना पुल के पास से हुई गिरफ्तारी
प्रभारी निरीक्षक के अनुसार मुख्य आरोपी आकाश उर्फ हैप्पी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोमना पुल के पास घेराबंदी कर पोथा निवासी प्रशांत, गभाना कस्बा निवासी हिमांशु उर्फ मिश्रा और योगेश उर्फ जहरीला को दबोच लिया। जामा तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे बरामद हुए हैं।
पकड़े गए आरोपियों का लंबा है आपराधिक इतिहास
पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी शातिर अपराधी हैं। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी हिमांशु उर्फ मिश्रा पर पहले से विभिन्न थानों में सात गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, योगेश उर्फ जहरीला और प्रशांत पर भी तीन-तीन आपराधिक मामले पंजीकृत हैं। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।