रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

घर पर अकेली भाभी पर देवर ने किया जानलेवा हमला, गिरफ्तार

चंडौस। थाना क्षेत्र के गांव इमलहरा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ घर में अकेली महिला पर उसके ही सगे देवर ने जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी देवर को थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि उसके पास से हमले में प्रयोग की गई ईंट भी बरामद की गई है।

पति की गैरमौजूदगी में वारदात को दिया अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इमलहरा निवासी पीड़िता का पति ईसब खान बीते 9 जून को एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव से बाहर गया हुआ था। इस दौरान महिला घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर देर रात उसका देवर इरशाद घर के भीतर दाखिल हो गया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने पास ही पड़ी ईंट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान स्थिति में जमीन पर गिर पड़ी, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

अस्पताल में भर्ती, आरोपी को भेजा जेल

शादी समारोह से जब पति ईसब खान वापस घर लौटा, तो पत्नी को अचेत और खून से लथपथ हालत में देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयानों और तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। गुरुवार को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी इरशाद को दबोच लिया। आवश्यक कानूनी और कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!