ईटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई रोडवेज बस, एक दर्जन से अधिक लोग घायल
यमुना एक्सप्रेस वे पर टप्पल क्षेत्र के जिकरपुर के पास हुआ हादसा
जट्टारी। यमुना एक्सप्रेस वे पर जिकरपुर के पास बुधवार सुबह कानपुर से दिल्ली सवारियां लेकर जा रही रोडवेज बस ईटाें से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक सवारियां घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पातल में भर्ती कराया, जहां से चार लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात्रि में कानपुर से करीब 18 सवारियों को लेकर किदवईनगर डिपो बस दिल्ली के लिए जा रही थी। तभी बुधवार सुबह टप्पल क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर गांव जिकरपुर के पास किसी वाहन काे बचाने के प्रयास में बस आगे चल रहे ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर लगते ही बस में सवार यात्रियों में मदद को चीख पुकार मचने लगी। हादसे में रमाशंकर प्रयागराज, दर्शन तिवारी, बिंदु तिवारी, विकास, मोहित पटेल, रवि शंकर, कानपुर, याकूब इटावा, गोविंद उन्नाव, सुरेश चांदपुर फतेहपुर, जितेंद्र कल्याणपुर फतेहपुर, आनन्द सिंह, पुष्पा देवी नगीना देहात बिजनौर, सुशील कुमार रायबरेली, मंजू देवी, वतनपाल गाजियाबाद घायल हो गए।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी व जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर मौके से फरार हो गया। मामले में बस चालक ने अज्ञात टैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।