क्रिकेटर रिंकू सिंह के परिजनों को सांसद व डीएम ने किया सम्मानित
IPL में लगातार पांच छक्के लगाकर अलीगढ़ के रिंकू ने कोलकाता नाइट राइडर्स को दिलाई थी शानदार जीत
डीएम ने वीडियो कॉल कर रिंकू को दी शुभकामनाएं, की उज्जवल भविष्य की कामना
अलीगढ़। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लगातार 5 छक्के मार कर अपनी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत दिलाकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ी रिंकू सिंह के परिवार को कलेक्ट्रेट में बुधवार को सांसद सतीश गौतम व डीएम इंद्रविक्रम सिंह ने मिष्ठान खिलाकर व शॉल पहनाकर सम्मानित किया। डीएम ने रिंकू सिंह से उनके परिवार की मौजूदगी में वीडियो कॉलिंग कर वार्ता करने के साथ शुभकामना देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
बता दें कि अलीगढ़ निवासी रिंकू सिंह आईपीएल में कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाड़ी है। पिछले दिनों गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में उनकी टीम को 31 रनों की जरूरत थी। उन्होंने लगातार पांच छक्के लगाकर केकेआर को शानदार जीत दिलाई थी। जनपद का नाम रोशन करने पर बुधवार को कलैक्ट्रेट सभागार में सांसद सतीश गौतम व डीएम इंद्रविक्रम सिंह ने क्रिकेटर रिंकू के पिता खानचंद्र व माता बीना देवी को मिष्ठा खिलाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर सांसद सतीश गौतम ने कहा कि जनपद के लाखों युवा क्रिकेटरों के लिए रिंकू प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। युवा क्रिकेटर रिंकू सिंह की चर्चा केवल जनपद या प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे क्रिकेट जगत में हो रही है। जनपद में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन जब कोई क्रिकेटर ऐसा प्रदर्शन करता है तो उसकी लोकप्रियता देखते ही बनती है। उन्होंने कहा कि शानदार प्रदर्शन के बलबूते रिंकू राष्ट्रीय टीम में भी अपनी जगह बनाने में कामयाब होगा।

डीएम ने रिंकू से वीडियो कॉल पर वार्ता कर भविष्य में और अच्छे शानदार खेल के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि रिंकू सिंह ने आर्थिक अभाव में क्रिकेट खेलने का जुनून नहीं छोड़ा और वह खेलने के साथ आगे बढ़ते रहें और उनके इसी जुनून ने आज उनको इस उपलब्धि तक पहुंचाया है। रिंकू सिंह जैसे गुदड़ी के लाल ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर अपने परिवार का नाम रोशन करने के साथ जनपद का नाम रोशन किया है। जब जब भी IPL- 2023 का जिक्र किया जाएगा, तब-तब अलीगढ़ के लाल रिंकू का नाम जरूर आएगा। उन्होंने रिंकू से अनुरोध किया कि वह क्रिकेट खेलने के साथ अभावग्रस्त बच्चों को अलीगढ़ में क्रिकेट का प्रशिक्षण दें । इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट चन्द्रशेखर, सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, एडीईओ कौशल कुमार, रिंकू के भाई सोनू सिंह, भाभी आरती सिंह, बहन नेहा सिंह, कोच मसूद अमीनी, अर्जुन फकीरा मौजूद रहे।