रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के आयोजन को लेकर दो पक्ष आए आमने-सामने

 प्रशासन ने कार्यक्रम की जारी अनुमति को किया रद्​द

अलीगढ़। थाना महुआखेड़ा स्थित ओजोन सिटी में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेड़कर जयंती के आयोजन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष आयोजन कराने पर अड़ा है तो वहीं दूसरा पक्ष उसके विरोध में आ गया। टकराव की स्थित को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम की जारी अनुमति को रद्द कर दिया है। शुक्रवार को डॉ. भीमराव आंबेड़कर जयंती मनाई जाएगी। इसको लेकर ओजोन सिटी में रहने वाले कुछ लोगों ने कॉलोनी के पार्क में आयोजन कराने के लिए पुलिस-प्रशासन से अनुमति के लिए आवेदन किया था। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर एसीएम द्वितीय सुधीर कुमार सोनी ने नियमों का अनुपालन करते हुए आयोजकों को अनुमति जारी कर दी। उधर, आयोजन को लेकर दूसरा पक्ष इसके विरोध में उतर आया। दूसरे पक्ष का कहना था कि सोसायटी में पूरे साल में केवल आठ कार्यक्रमों के आयोजन की बात तय हो चुकी है। पिछले कई सालों से सिर्फ यही आयोजन हो रहे हैं। इन आठ कार्यक्रमों में डॉ. आंबेडकर जयंती शामिल नहीं है। ऐसे में यह आयोजन नहीं होना चाहिए। मामले में थाना महुआखेडा पुलिस ने एसीएम द्वितीय को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन के विरोध को देखते हुए शांति व्यवस्था भंग हो सकती है। शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आयोजन की अनुमति निरस्त कर दी जाए। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर जारी अनुमति को रद्द कर दिया गया। इसकी जानकारी होने पर आयोजन मंडल से जुडे़ पदाधिकारियों में रोष पैदा हो गया। वे बुधवार को थाना महुआखेड़ा पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई को गलत ठहराते हुए कई गंभीर आरोप तक लगा डाले। इसी बीच दूसरे पक्ष से भी बड़ी संख्या में महिला-पुरूष भी थाने पहुंच गए। सूचना पर एसीएम द्वितीय सुधीर कुमार सोनी, एएसपी पुनीत द्विवेदी भी थाने पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ठ ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों को समझाया गया है। दोनों पक्षों में विवाद व शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थित को देखते हुए आयोजन की जारी अनुमति को रद्द कर दिया गया है। यदि कोई भी पक्ष आदेशों का उल्लंघन या शांति व्यवस्था को भंग करेगा तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। ओजोन सिटी के सीएमडी प्रवीण मंगला का कहना है कि यदि दोनों पक्षों में सहमति बन जाती है तो उन्हें इस आयोजन को लेकर कोई आपत्ति नहीं है।

वही मामले में देर रात बसपा नेताओं ने डीएम इंद्र विक्रम सिंह से मुलाकात की और उन्हें पूरे प्रकरण की जानकारी दी। डीएम ने कहा है कि आदर्श चुनाव आचार संहिता के पालन के साथ आयोजन कराया जा सकता है वैसे भी यह आयोजन निजी स्थल पर कराया जा रहा है। इसके लिए किसी अनुमति की भी आवश्यकता नहीं है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!