गभाना की बेटी ने हाईस्कूल की परीक्षा में किया नाम रोशन, जिले में पाया 7 वां स्थान
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव लोहपूठ निवासी कोमल सिंह की बेटी अंशिका सिंह ने हाईस्कूल की परीक्षा में 93.83 अंक लाकर जिले में सातवां स्थान प्राप्त किया है। अंशिका ख्यामई के ब्रह्म समाज इंटर काॅलेज की छात्रा हैं, जबकि कस्बा के केशव कुंज स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल में कोचिंग करती है। मंगलवार को परीक्षाफल घोषित होने के बाद परिजनों को जैसे ही जिले में सातवां स्थान प्राप्त करने की जानकारी मिली तो उनका खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पिता कोमल सिंह गभाना अनाज मंडी में गल्ला व्यापारी हैं, जबकि मां लोकेश देवी ग्रहणी है। जबकि एक बड़ा भाई आयुष है, जिसने इस बार इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की है।
अंशिका ने बताया कि वह स्कूल से आने के बाद पांच-छह घंटे नियमित पढ़ाई करती थी। उन्होंने उम्मीद थी कि परीक्षा परिणाम अच्छा आएगा। उन्होंने सफलता का श्रेय दादा आनंदपाल सिंह, दादी सुधा रानी, माता-पिता के अलावा शिक्षकों को दिया है। अंशिका ने बताया कि वह आईएएस बनकर देश व समाज की सेवा करना चाहती है। इस दौरान उनके शिक्षक शिवकांत रावत, राजीव शर्मा, हरिपाल सिंह, जितेंद्र सिंह, मनवीर सिंह, धीरज शर्मा आदि ने पहुंचकर शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विज्ञापन

