रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

इगलास की ऋतु व अजय ने फहराया प्रदेश में परचम

 हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में जनपद का किया नाम रोशन

इगलास। इगलास क्षेत्र के छात्राें ने एक बार फिर से यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में जनपद ही बल्कि प्रदेश में भी अपना परचम लहराया है। इंटर की परीक्षा में कस्बा की रितु ने प्रदेश में सातवां व जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं गांव कनैटपुर के अजय कुमार ने प्रदेश में दसवां व जनपद में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। हाईस्कूल में कस्बा की प्रगति चौधरी ने जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिससे पूरे कस्बा में खुशी का माहौल है। लोगों ने स्थान प्राप्त करने छात्रों को फूलमाला पहनाकर व मिष्ठान खिलाकर उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

सिविल सर्विस में जाना चाहती है रितु

कस्बा के विष्णु दत्त शर्मा इंटर काॅलेज की छात्रा रितु शर्मा ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में सातवां व जनपद में पहला स्थान प्राप्त किया है। रितु का सपना सिविल सेवा में जाकर देश सेवा करना है। उन्होंने बताया कि स्कूल के साथ चार विषयों के ट्यूशन पढ़ती थी, वहीं छह से आठ घंटे पढ़ाई करती थी। पूरी उम्मीद थी की अच्छा परिणाम आएगा। उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई लाला मिश्रीलाल विद्या मंदिर से की थी। इनके पिता राकेश कुमार शर्मा मूल रुप से गांव कूबरा के निवासी है और कस्बा के शांतिपुरम में किराए के मकान में रहते हैं। पिता जूनियर हाईस्कूल बास सुदामा में शिक्षक हैं जबकि मां रचना पाठक ग्रहणी हैं। बड़ी बहन रुचि शर्मा बीएसएसी कर रही हैं व छोटा भाई जयकांत शर्मा कक्षा सात का छात्र है। रितु ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व गुरुओं को दिया है। विद्यालय के संरक्षक हरीश शर्मा, प्रधानाचार्य आनंद स्वरुप कटारा, प्रबंधक गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष शशांक शर्मा व शिक्षकों के साथ घर पहुंच कर मिष्ठान खिलाते हुए बधाई दी।

अजय को सेना में बनना है अधिकारी

थाना क्षेत्र के गांव कनैटपुर निवासी किसान महेंद्र सिंह के बेटे अजय कुमार ने इंटर की परीक्षा में 95.60 फीसद अंक प्राप्त कर प्रदेश में 10 वां तथा जनपद में दूसरा स्थान पाया है। वह कमंडलपुर के आदर्श बाबू इंटर काॅलेज से के छात्र हैं। अजय ने बताया कि उसका सपना एनडीए की परीक्षा पास कर सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। पढ़ाई में अव्वल रहने के लिए वह 12 से 13 घंटे पढ़ाई करते हैं। परिवार में मां शीला देवी ग्रहणी हैं। पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर के है। बड़ी बहन मीनू, भाई सुभाष व छोटी बहन प्रिया व भाई योगेश हैं। वह अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आर्शीवाद व शिक्षकों को देते हैं। अजय की सफलता पर प्रधानाचार्य रमेशचंद व अन्य शिक्षकों ने विद्यालय बुलाकर उन्हें फूलमाला पहनाकर बधाई देते उज्जवल भविष्य की कामना की।

माता-पिता से प्रेरित होकर शिक्षक बनना चाहती हैं प्रगति

कस्बा के मोहल्ला गोपालपुरी निवासी प्रगति चौधरी ने हाईस्कूल की परीक्षा में 95.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वह प्रगति नगर के शिवदान सिंह इंटर काॅलेज की छात्रा हैं। प्रगति के पिता राजकुमार सिंह शिवदान सिंह इंटर काॅलेज में शिक्षक हैं तथा मां राजकुमारी परिषदीय विद्यालय कारस में शिक्षिका हैं। छोटा भाई पर्वराज चौधरी हैं। प्रगति ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व गुरु जनों को देते हुए बताया कि वह अपने माता-पिता से प्रेरित होकर शिक्षक बनकर बच्चों को पढ़ाना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि इस मुकाम पर पहुंचने के लिए छह-आठ घंटे नियमित पढ़ाई करती थी। माता-पिता दोनों की पढ़ाई में सहयोग करते हैं। हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!