हादसे में घायल छह माह के बेटे की उपचार के दौरान मौत
इगलास। अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर गांव हस्तपुर पर सोमवार को मिनी बस अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई थी। हादसे में महिला की गोद में सो रहा छह माह का बेटा उछलकर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। वहीं महिला भी हादसे में घायल हो गई। मासूम की मंगलवार को जेएन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
मथुरा के थाना राया के गांव भंकरपुर बसैला निवासी नारायण सिंह की पत्नी रेखा देवी सोमवार को मिनी बस में सवार होकर छह माह के बेटा देवेश के साथ बुलंदशहर के गांव खुशहालपुर मायका जा रही थी। तभी हस्तपुर के निकट बस अनियंत्रित होकर पोल से टकराते हुए पेड़ में जा घुसी। हादसे में रेखा की गोद में सो रहा बेटा उछलकर गिर कर घायल हाे गया, जबकि रेखा के भी हाथ में फैक्चर हो गया था। पुलिस ने मां-बेटा को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। जहां पर मंगलवार को देवेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।