सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में करोड़ों रुपये का गबन, उपभोक्ताओं ने किया हंगामा
बैंक प्रबंधक व बैंक मित्र गायब
अलीगढ़। जीटी रोड नौरंगाबाद इलाके की सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में कई करोड़ रुपये के गबन का मामला सामने आया है। साथ में बैंक प्रबंधक व बैंक मित्र अपने-अपने घरों से गायब हैं।
मामला गुरुवार शाम उस समय प्रकाश में आया जब बैंक मित्र के परिवार को घर में उसकी ओर से छोड़ा गया सुसाइड नोट मिला। सूचना पर इलाका पुलिस व बैंक के वरिष्ठ अधिकारी हरकत में आ गए। देर शाम जांच को पहुंचे अधिकारियों को बैंक शाखा के बाहर ग्राहकों ने घेर लिया और अपने खातों से रुपये गायब होने के आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जिन्हें बैंक अधिकारियों ने जांच का भरोसा दिलाकर शांत कर दिया।
सुरेंद्र नगर मरघट वाली गली का सौरभ गुप्ता बैंक मित्र के रूप में बैंक शाखा में कार्यरत है। वह घर से गायब है। उसके गायब होने और फोन बंद होने के बाद जब परिजन ने उसकी खोज शुरू की तो घर में ही एक सुसाइड नोट मिला। जिस में कुछ लोगों के खातों से रुपये निकालने, उस रुपये से आईपीएल खेलने और हारने व कुछ राजनीतिक लोगों द्वारा धन ऐंठने के चलते खुद व बैंक प्रबंधक के फंसने की बात का जिक्र करते हुए घर छोड़कर जाने व आत्महतया करने की बात लिखी है। सुसाइड नोट को पढ़कर परिजनों ने सूचना पुलिस को दे दी। लोगों को खबर लगने लगी तो तमाम उपभोक्ता बैंक शाखा पर पहुंच गए। उपभोक्तओं ने बिहार निवासी बैंक प्रबंधक अमरजीत से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वह शाखा से गायब मिले, और उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। जिस पर लोगों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच वहां आगरा से बैंक के रीजनल हैड राजेश खरे भी एक एटीएम केबिन में 30 लाख रुपये न पहुंचने की जानकारी पर शाम को शाखा पहुंच गए। उपभोक्ताओं के हंगाम को देखकर वह पूरा माजरा समझ गए। उपभोक्ता उन्हें व पुलिस को घेरकर जमकर हंगामा करने लगे। बैंक मित्र व प्रबंधक पर अपने अपने खाते से कई करोड़ रुपये गबन कर गायब होने का आरोप लगाने लगे। उपभोक्ताओं ने कहा कि बैंक में काफी समय से गड़बड़ी चल रही है। उनके खाते में रुपये जमा होने का मैसेज नहीं आता, टेक्नीकल समस्या बताते हुए वापस कर दिया जाता है। एक दर्जन से अधिक उपभोक्तओं ने कई करोड़ रुपये गायब होने का आरोप लगाया। जिनमें से अधिकांश चालू खाताधारक थे। मामले में चार उपभोक्ताओं ने लिखित में शिकायत भी दी। पुलिस व बैंक अधिकारियों ने मुकदमा व जांच का आश्वासन देकर शांत किया। सीओ तृतीय अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिस मामले में जांच में जुटी है। वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक आगरा ने बताया कि हमारी नौरंगाबाद शाखा का बैंक मैनेजर गायब है। दूसरे व्यक्ति को हम नहीं जानते। रुपये गायब होने के आरोपों की जांच के लिए आईटी टीम को बुलाया गया है। जांच के आधार पर साफ होगा कि किस ग्राहक के कितने रुपये गायब हैं। बैंक मैनेजर के गायब होने के मामले में पुलिस से मदद ली जा रही है
विज्ञापन 

