मतगणना स्थल व स्ट्रांग रूम का डीएम व एसएसपी ने निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं
गभाना। नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण की 13 मई को होनी वाली मतगणना की तैयारियों में प्रशासन पूरी तरह से जुट गया है। कस्बा के अनाज मंडी में गभाना, चंडौस, पिसावा व बरौली नगर पंचायत की मतगणना की जाएगी। जिसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को डीएम इंद्र विक्रम सिंह व एसएसपी कलानिधि नैथानी ने अनाज मंडी स्थित स्टॉग रूम व मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधीनस्थों को सभी तैयारियाें को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने मतपेटिका रखे जाने वाले स्ट्रांग रूम बैरिकेडिंग, लाइट, टेंट, कंट्रोल रूम, पेयजल, जनरेटर आदि का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्याशियों व अभिकर्ताओं लिए बनाए गए गलियारे के बाहरी हिस्से को ऊंचा रखने व मजबूत जालियां लगने के लिए समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को शीघ्र ही दुरूस्त कराने के अधीनस्थों को निर्देश दिए। उन्होनें अधिकारियों से कहा कि मतगणना पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ कराई जाए। मतगणना स्थल में केवल प्रत्याशियों व उनके अभिकर्ताओं के अलावा अन्य किसी को प्रवेश न दिया जाए, वाहनों व समर्थकों को मतगणना स्थल से दौ सौ मीटर दूरी पर ही रोका जाए। मतगणना की गई तैयारियों को लेकर डीएम व एसएसपी आश्वस्त दिखे। इस दौरान एसडीएम केबी सिंह, सीओ सुमन कनौजिया, इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह आदि मौजूद रहे।
