मतदान की पूर्व संध्या पर जीत-हार की चर्चा में मशगूल दिखे लोग
गभाना।जनपद में गुरुवार को नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतों में दूसरे चरण में गुरुवार को होने वाले मतदान को लेकर लोगों खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। चूंकि तहसील की नवसृजित गभाना, चंडौस, पिसावा व बरौली नगर पंचायतों में पहली बार चुनाव हो रहा है तो चुनाव भी काफी दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। मंगलवार को चुनाव प्रचार थमने से पूर्व अध्यक्ष व सभासद पदों के लिए ताल ठोकने वाले प्रत्याशियों ने बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ अपनी ताकत का एहसास कराते हुए अपने हक में वोट मांगे थे। बुधवार को मतदान की पूर्व संध्या पर कस्बा के गली-चौराहे चाय-पान व नाई की दुकानों समेत हर जगह बस चुनावी चर्चा व चकल्लस ही देखने व सुनने को मिल रही है। सबसे अहम सवाल था कि पहली बार गभाना नगर पंचायत का अध्यक्ष कौन बनेगा। चर्चा में शामिल लोग जिस पार्टी व चुनाव मैदान में खड़े प्रत्याशी से प्रभावित हुए है वे उसी की जीत होने के भविष्यवाणी करते दिखे। इस दौरान वे जातिगत आंकड़ों के दौरान राजनैतिक गणित भी समझाते नजर आए। कुछ लोगों का दावा था कि सारे फैक्टर फेल हो जायेंगे तथा इस बार विकास के मुद्दों के आधार पर ही मतदान होगा, और जिस भी प्रत्याशी के पक्ष में वोटिंग होगी उसकी जीत भी पक्की हो जायेगी। मतदाता समेत चुनाव मैदान में खड़े उम्मीदवारों की उत्सुकता चरम पर है। लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता व नगर की सरकार का गठन में अपनी भागीदारी को लेकर मतदाता वोट डालने को लेकर सुबह होने का इंतजार करते नजर आए।
