रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गिलहराज मंदिर में मुस्लिमों के प्रवेश पर प्रतिबंध, महंत ने जारी किया फरमान

– हिंदुओं के लिए ड्रेस कोड लागू, कटे-फटे कपड़े, जींस, हाफ पैंट पहनकर आने वालों को नहीं मिलेगा प्रवेश

अलीगढ़। अचल ताल स्थित श्री गिलहराज मंदिर के महंत योगी कौशलनाथ ने मुस्लिम महिला और पुरुषों के मंदिर में प्रवेश को प्रतिबंधित किया है, साथ ही हिंदू श्रद्धालुओं के लिए भी अलग से ड्रेस कोड जारी किया है। महंत ने बुधवार को एक गाइड लाइन जारी करते हुए कहा कि मंदिर में शालीन व मर्यादित कपड़े पहनकर आने वाले भक्तों को ही प्रवेश दिया जाएगा। मंदिर परिसर में इस फरमान के पोस्टर चस्पा किए गए, लेकिन उन्हें बाद में हटा लिया गया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।महंत योगी कौशलनाथ ने साफ किया है कि मंदिर में शालीन कपड़े पहनकर आने वाले हिंदू भक्तों को ही प्रवेश दिया जाएगा। छोटे कपड़े, कटी-फटी जींस, हाफ पैंट आदि कपड़ों को पहनकर आने वालों को मंदिर में पूजा-अर्चना करने से रोक दिया जाएगा। हालांकि देर शाम इन पोस्टरों को हटाते हुए कहा गया है कि इसके लिए दूसरे बड़े पोस्टर, बैनर तैयार कराकर मंदिर के बाहर लगाए जाएंगे। कुछ लोगों ने इस निर्णय का स्वागत किया है तो कुछ ने इसे महंत का व्यक्तिगत निर्णय बताया है।

महंत योगी कौशलनाथ ने बताया कि मंदिर कमेटी की ओर से निर्णय लिया गया है कि मंदिर में आने वाले गैर हिंदू को पूजा के लिए प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पिछले दिनों त्रियंबकेश्वर मंदिर में कुछ मुस्लिमों के प्रवेश कर लेने के बाद एसआईटी गठित की गई है। मुस्लिम पूजा करने के इरादे से मंदिर नहीं पहुंचे, बल्कि उनका कोई न कोई तो उद्देश्य रहा होगा। जो जांच एजेंसियां ही तय कर पाएंगी। अलीगढ़ में ऐसी कोई घटना न घटे इसलिए मंदिर में मुस्लिमों के आने से रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ भक्तों की शिकायत थी कि मंदिर में कुछ भक्त अमर्यादित कटे-फटे वस्त्र, जींस पैंट, हाफ पेंट आदि पहनकर आते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू भक्तों से निवेदन है कि वे मंदिर में ड्रेस कोड का पालन करें। उन्होंने कहा कि मंदिर में मुस्लिमों के रोक एवं हिंदुओं के अमार्यदित वस्त्र पहनकर आने का निर्णय उनका और मंदिर कमेटी दोनों का है। श्री गिलहराज मंदिर के महंत के इस बयान को लेकर शहर भर में चर्चाएं देखने एवं सुनने को मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर भी महंत योगी कौशलनाथ का बयान खासा वायरल हो रहा है। हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक पांडेय ने श्री गिलहराज मंदिर के महंत के निर्णय का स्वागत किया है। इससे मंदिर में होने वाली अश्लील हरकतों में एवं चोरियों पर लगाम लगाई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि डासना में यह नियम बहुत पहले से ही लागू है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!